उदयपुर, सलूंबर और राजसमंद जिले के 18 से 25 वर्ष आयु के प्रतिभावान युवाओं को भारतीय संसद और राजस्थान विधानसभा में बोलने का मौका मिलेगा। युवा संसद में पहुंचने के लिए युवाओं को दो चरण पूरे करने होंगे। पहले चरण में एक मिनट का एक वीडियो बनाकर https://mybharat.gov.in पर अपलोड करना होगा, दूसरे चरण में वन नेशन वन इलेक्शन पर तीन मिनट का भाषण देना होगा। दरअसल, केंद्र सरकार के युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय के साझे में विकसित भारत युवा संसद-2025 का आयोजन किया जा रहा है। उदयपुर, सलूंबर और राजसमंद जिले के युवाओं के लिए उदयपुर के मीरा गर्ल्स कॉलेज को नोडल केंद्र बनाया है। प्रदेशभर में ऐसे 14 नोडल केंद्र बनाए गए हैं। विकसित भारत युवा संसद कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन शुक्रवार को मीरा गर्ल्स कॉलेज के प्राचार्य प्रो. दीपक माहेश्वरी व आयोजन समिति ने किया है। प्रो. माहेश्वरी ने बताया कि नियमित व स्वयंपाठी विद्यार्थी और जिन्होंने पढ़ाई छोड़ दी वे भी भाग ले सकते हैं। जानकारी के लिए नंबर 8696163508 पर संपर्क कर सकते हैं। चयनित 10 प्रतिभागियों को विधानसभा युवा संसद में बोलने का मौका मिलेगा। इन 10 में से 3 प्रतिभागियों को संसद के लिए चुना जाएगा।


