सीकर में बाबा खाटूश्याम का वार्षिक मेला चल रहा है। मेले में पड़ोसी राज्यों से भी काफी भक्त बाबा के दर्शन करने के लिए पहुंच रहे हैं। अब एकादशी को यहां पर मुख्य मेले का आयोजन होगा। 9 से 11 मार्च तक लाखों की संख्या में यहां पर भक्त दर्शन करने के लिए पहुंचेंगे। इन भक्तों को किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हो इसके लिए रेलवे लगातार स्पेशल ट्रेनों का संचालन कर रहा है और ट्रेनों में डिब्बों की संख्या बढ़ा रहा है। अब रेलवे मेले को देखते हुए तीन दिन के लिए स्पेशल ट्रेन जयपुर-रेवाड़ी-जयपुर का संचालन करने जा रही है। जो 9 से 11 मार्च तक चलेगी। उत्तर पश्चिम रेलवे के सीपीआरओ कैप्टन शशि किरण के अनुसार गाड़ी संख्या 09735, जयपुर रेवाड़ी-ट्रेन जयपुर से सुबह 8:35 पर रवाना होगी। जो दोपहर 2 बजे रेवाड़ी स्टेशन पर पहुंचेगी। इसी तरह गाड़ी संख्या 09736,रेवाड़ी-जयपुर स्पेशल ट्रेन रेवाड़ी से दोपहर 2:25 पर रवाना होकर शाम 7:35 पर जयपुर स्टेशन पर पहुंचेगी। यह रेलसेवा मार्ग में ढेहर का बालाजी, नीदंड बैनाड़,चौमू सामोद, गोविन्दगढ़ मलिकपुर,रींगस, श्रीमाधोपुर,कांवट, भगेगा, नीमका थाना, मावंडा, जीलो, डाबला, निजामपुर, नारनौल , अटेली, काठूवास व कुंड स्टेशनों पर ठहराव करेगी।


