पिकनिक स्पॉट से युवती का अपहरण कर रेप:बहन और दो दोस्तों के साथ घूमने गई थी, पुलिस ने देर रात युवती को किया बरामद

बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर इलाके में खरहरा पिकनिक स्पॉट में साथियों के साथ घूमने गई एक युवती का तीन युवकों ने अपहरण कर लिया। युवती अपनी बहन एवं दो साथियों के साथ पिकनिक स्पॉट पर घूमने गई थी। सूचना पर पुलिस ने देर रात युवती को एक घर से गिरफ्तार किया है, जहां उसे बंधक बनाकर रखा गया था। पुलिस के अनुसार एक युवक ने युवती से रेप किया है। घटना बसंतपुर थाने के वाड्रफनगर चौकी क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को वाड्रफनगर के खरहरा नाले में पिकनिक स्पॉट पर घूमने के लिए विवाहित युवती (24) अपनी सगी बहन एवं दो साथियों के साथ शाम पांच बजे पहुंची थी। मौके पर पहुंचे सुनील कुमार एवं दो अन्य युवकों ने युवती के दोनों साथियों के साथ मारपीट की और विवाहित युवती का अपहरण कर उसे स्कूटी में बैठाकर जंगल के रास्ते वाड्रफनगर के एक घर में ले गए। देर शाम पुलिस को सूचना, पुलिस ने किया बरामद
विवाहिता की बहन एवं दोनों युवकों ने देर शाम तक विवाहिता की खोजबीन की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके तो शाम करीब 8 बजे सूचना वाड्रफनगर पुलिस चौकी में दी गई। वाड्रफनगर चौकी प्रभारी धीरेंद्र तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने युवकों एवं अपहृत युवती की खोजबीन शुरू की। युवती को वाड्रफनगर में ही सुनील कुमार के घर से देर रात करीब 12 बजे बरामद किया गया। पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया। एक युवक ने किया रेप, अपहरण में शामिल थे दो अन्य
वाड्रफनगर पुलिस ने बताया कि युवती ने पूछताछ में बताया कि उसका अपहरण कर युवकों ने एक घर में बंद कर दिया, जहां सुनील कुमार ने उसके साथ रेप किया। दो अन्य युवकों के खिलाफ अपहरण का अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के दौरान तीनों नशे की हालत में थे। मुख्य आरोपी सुनील कुमार पहले से शादीशुदा है। उसके बच्चे भी हैं। तीनों नशे की हालत में पिकनिक स्पॉट के पास शाम को शराब पीने पहुंचे थे। दो युवतियों एवं दो युवकों को देखकर उनकी नीयत बिगड़ गई और उन्होंने घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने शनिवार सुबह तीनों का मुलाहिजा कराया। तीनों आरोपियों को आज कोर्ट में पेश कर दिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *