मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा जिला प्रशासन और सनसेट डेजर्ट कैम्प के सहयोग से प्रसिद्ध पर्यटन स्थल चंदेरी में ‘चंदेरी ईको रिट्रीट एंड फेस्ट’ की शुरुआत बुधवार से कर दी गई। स्थानीय कलाकारों ने मालवा और बुंदेलखंड लोक नृत्यों की प्रस्तुति दी। जिसके बाद मुसाफिर बैंड ने बॉलीवुड के गीतों पर सबको थिरकाया। टूरिज्म बोर्ड की अपर प्रबंध संचालक बिदिशा मुखर्जी ने बताया कि, चंदेरी को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुख पर्यटन गंतव्य बनाने के उद्देश्य से ‘चंदेरी ईको रिट्रीट’ की शुरुआत 2023 में की गई थी, जिसका प्रतिसाद उत्साहजनक रहा। अब दूसरे संस्करण में नए अंदाज और नई गतिविधियों के साथ इसे ओर अधिक रोमांचित बनाया गया है। प्राकृतिक नजारों और सांस्कृतिक गतिविधियों के बीच लग्जरी टेंट सिटी का आनंद लेने के साथ ही स्थानीय शिल्पकला को प्रचारित किया जा रहा है। शुभारंभ कार्यक्रम में टूरिज्म बोर्ड के एडवाइजर युवराज पडोले, सनसेट डेटर्स कैम्प के हितेश्वर सिंह और प्रणव राठौर भी मौजूद थे। आकर्षक गतिविधियां होंगी मुख्य आकर्षण इको रिट्रीट के अंतर्गत पर्यटन और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। अपर प्रबंध संचालक ने बताया कि, कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण में क्रेकर शो, फिल्म टूरिज्म वर्कशॉप और फैशन शो शामिल हैं, जो मनोरंजन और रचनात्मकता को बढ़ावा देंगे। सायक्लोथॉन में प्रतिभागी चंदेरी की प्राकृतिक सुंदरता का अनुभव करेंगे। स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां क्षेत्रीय कला और परंपराओं को दर्शाएंगी। स्कूली विद्यार्थियों के लिए आयोजित पेंटिंग स्पर्धा उनकी रचनात्मकता को निखारेगी। पर्यटक स्थानीय शिल्पकारों और चंदेरी बुनकरों के साथ चर्चा कर उनकी समृद्ध कला और कौशल को समझने का मौका पाएंगे, जो क्षेत्रीय पहचान को उजागर करेगा। इसके साथ ही स्थानीय युवाओं के लिये स्वास्थ्य, शिक्षा और कौशल विकास हेतु जागरूकता कार्यशालाएं होंगी।


