बरनाला में सफाई कर्मचारियों और महिलाओं पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज के विरोध में 30 जुलाई को बुलाए गए ‘पंजाब बंद’ का होशियारपुर में भी व्यापक और अभूतपूर्व असर देखने को मिला। बंद के समर्थन में शहर के सभी सरकारी व निजी स्कूल, कॉलेज, व्यावसायिक संस्थान और मुख्य बाजार पूरी तरह बंद रहे। उल्लेखनीय है कि बरनाला घटना में पुलिस लाठीचार्ज के दौरान कई सफाई कर्मचारियों के सिर फट गए थे तथा हाथों-पैरों में गंभीर चोटें आई थीं। इस बर्बरता के विरोध में सफाई सेवक यूनियनों, श्री गुरु रविदास सभाओं, डॉ. बी.आर. आंबेडकर सभाओं और भगवान वाल्मीकि जी सभाओं सहित विभिन्न भ्रातृ संगठनों ने एकजुट होकर पूरे पंजाब में बंद का आह्वान किया था। बेगमपुरा टाइगर फोर्स का विशाल मार्च, DSP व SHO पर FIR की मांग होशियारपुर में बेगमपुरा टाइगर फोर्स के पंजाब अध्यक्ष वीरपाल थरोली और जिला अध्यक्ष हैप्पी फतेहगढ़ की अगुवाई में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने शहर में रोष मार्च निकाला। फोर्स के सदस्यों ने दुकानदारों से शांतिपूर्ण ढंग से सहयोग की अपील कर दुकानें बंद करवाईं। प्रदर्शनकारी नेताओं ने मांग उठाई कि लाठीचार्ज के दोषी डीएसपी सतबीर सिंह बैंस और इंस्पेक्टर एसएचओ लखविंदर सिंह को तुरंत प्रभाव से बर्खास्त किया जाए और उनके खिलाफ धारा 307 (हत्या के प्रयास) के तहत आपराधिक मामला दर्ज किया जाए। नेताओं ने कहा कि उनकी संस्था 2009 से जनसेवा में जुटी है और इस मुश्किल घड़ी में पीड़ितों के साथ मजबूती से खड़ी है। शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ प्रदर्शन राहत की बात यह रही कि शहर में बंद के दौरान माहौल पूरी तरह शांतिपूर्ण बना रहा और किसी भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। प्रदर्शन में अन्य संगठनों के नेताओं के साथ रोहित नारा, रवि सुंदर नागर, विक्की पुरहीरा, विपन बस्सी कला, बीरा रहीमपुर, सुखविंदर फतेहगढ़, सोनू शहरी, संदीप, चरणजीत दादा और जस्सा सिंह नंदन सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


