लुधियाना में घर से 15 लाख नकद, गहने चोरी:गलती से खुला रह गया दरवाजा, 9 दिन बाद लॉकर खोला तो जानकारी, CCTV में कैद संदिग्ध

लुधियाना के माछीवाड़ा साहिब के गुरु नानक मोहल्ला में स्थित एक घर से करीब 15 लाख रुपये की नकदी और सोने के कीमती गहने चोरी होने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। हालांकि यह वारदात 15 जुलाई 2026 की बताई जा रही है, लेकिन पीड़ित परिवार को चोरी का पता 24 जुलाई को चला, जब उन्होंने लॉकर खोलकर देखा। शिकायतकर्ता अभय कुमार जैन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 24 जुलाई को जब वे किसी काम से लॉकर से पैसे निकालने गए, तो उनके होश उड़ गए। लॉकर में रखी सोने की चेन, दो अंगूठियां, एक सोने की सुई और लगभग 15 लाख रुपये की नकद राशि गायब थी। दरवाजा खुला रहने का चोरों ने उठाया फायदा पीड़ित ने बताया कि घटना वाले दिन (15 जुलाई) सुबह 9:30 से 10:15 बजे के बीच पूरा परिवार पास ही गौशाला गया हुआ था। घर पर उनका बेटा जुवेश जैन मौजूद था। जाते समय जुवेश को मुख्य दरवाजा बंद करने के लिए कहा गया था, लेकिन वह गलती से दरवाजा लगाना भूल गया। इसी का फायदा उठाकर दो अज्ञात शातिर चोर घर के अंदर दाखिल हो गए। बच्चे को हथियार दिखाकर दी जान से मारने की धमकी जब चोरी का पता चलने के बाद परिवार ने जुवेश से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने खौफनाक सच बताया। बच्चे ने खुलासा किया कि घर में घुसे एक बदमाश ने उसे तेजधार हथियार दिखाकर धमकाया था और चेतावनी दी थी कि अगर उसने अपने माता-पिता या किसी और को इस बारे में बताया तो पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा। इसी खौफ के कारण बच्चे ने इतने दिनों तक किसी से कोई बात साझा नहीं की थी। CCTV में कैद हुआ संदिग्ध आरोपी घटना की भनक लगते ही परिवार ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन वहां से कुछ खास हाथ नहीं लगा। इसके बाद जब पड़ोसियों के सीसीटीवी कैमरे जांचे गए, तो उसमें एक संदिग्ध व्यक्ति आता-जाता दिखाई दिया, जबकि उसके दूसरे साथी की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि मामले की त्वरित जांच कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए और उनका चोरी हुआ सामान व नकदी बरामद की जाए। जल्द सुलझा लिया जाएगा मामला इस संबंध में जब थाना माछीवाड़ा के प्रभारी (SHO) चरणजीत सिंह से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि पुलिस के पास चोरी की लिखित शिकायत प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि आज माछीवाड़ा बंद के आह्वान के कारण पुलिस बल की ड्यूटी व्यवस्था बनाने में लगी हुई थी। एसएचओ ने आश्वासन दिया कि पुलिस टीमों को सक्रिय कर दिया गया है और बहुत जल्द इस चोरी की गुत्थी को सुलझाकर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *