अक्टूबर से इंडिगो सभी उड़ानें पुन: बहाल करेगी, एयर इंडिया दिल्ली-मुंबई के लिए दे सकती है नई फ्लाइट

बरसात के मौसम में हवाई यात्रियों की संख्या घटने का असर अब रांची एयरपोर्ट की उड़ानों पर भी दिखने लगा है। जुलाई से सितंबर के बीच यात्रियों की संख्या घटने से रांची एयरपोर्ट से उड़ानों का संचालन सीमित कर दिया गया है। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने चार उड़ानें फिलहाल बंद कर दी हैं, जबकि इंडिगो ने पांच रूटों पर फेरे कम किए हैं। एयरलाइंस अधिकारियों के अनुसार, इस अवधि में शादी-विवाह का सीजन नहीं होने, व्यापारिक यात्राओं में कमी और खराब मौसम के कारण उड़ानों में देरी की आशंका रहने से यात्रियों की संख्या कम हो जाती है। इसी को देखते हुए कंपनियों ने मांग के अनुरूप उड़ानों का संचालन सीमित किया है। कंपनियों का दावा है कि अक्टूबर से मांग बढ़ने के साथ सभी उड़ानें दोबारा नियमित कर दी जाएंगी। हालांकि, यात्रियों के लिए राहत की बात यह है कि अक्टूबर से अधिकांश उड़ानें फिर अपनी पूर्व निर्धारित फ्रीक्वेंसी के साथ संचालित होंगी। एयर इंडिया एक्सप्रेस रांची से दिल्ली और मुंबई के लिए नई विमान सेवा शुरू करने की तैयारी में है। वहीं इंडिगो ने गोवा और गुवाहाटी के लिए नई उड़ानों का प्रस्ताव दिया है। इसके अलावा पुणे, बेंगलुरु और नवी मुंबई के लिए भी नाइट फ्लाइट शुरू करने की योजना है। बरसात में घटती है हवाई यात्रियों की संख्या : श्रवण झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स की सिविल एविएशन सबकमेटी के चेयरमैन श्रवण राजगढ़िया ने बताया कि बरसात के मौसम में व्यापारिक गतिविधियां और हवाई यात्रा दोनों घट जाती हैं। उन्होंने कहा कि एयर इंडिया एक्सप्रेस की जिन उड़ानों का संचालन बंद हुआ है, उनमें तीन समर स्पेशल फ्लाइट्स थीं, जिन्हें पहले से मई-जून तक ही संचालित किया जाना था। यात्रियों की अच्छी प्रतिक्रिया को देखते हुए त्योहारी सीजन से अतिरिक्त उड़ानें फिर शुरू होने की संभावना है। रांची से जल्द शुरू होंगी पुणे, बेंगलुरु और नवी मुंबई के लिए तीन नई नाइट फ्लाइट रांची एयरपोर्ट से हवाई यात्रियों को जल्द नई सुविधा मिल सकती है। इंडिगो ने 25 अक्टूबर से पुणे, बेंगलुरु और नवी मुंबई के लिए रात में तीन नई उड़ानें शुरू करने का प्रस्ताव दिया है। प्रस्तावित समय के अनुसार उड़ानें रात 10 बजे, रात 1 बजे और तड़के 3 बजे संचालित होंगी। इससे रांची की हवाई कनेक्टिविटी मजबूत होगी और यात्रियों को अधिक विकल्प मिलेंगे। जून में रांची से 27 विमानों का संचालन होता था, अभी यह घटकर 22 रह गई है वर्ष 2026 के अप्रैल से जून तक रांची एयरपोर्ट में 6,86,370 यात्रियों का आवागमन रांची एयरपोर्ट में हुआ है, जो पिछले साल से करीब 6 प्रतिशत कम है। {जून 2026 में 1629 विमानों का आवागमन हुआ। जून 2025 में 1550 विमानों का आवागमन हुआ था। {इस साल जुलाई में 29 तारीख तक प्रति दिन 40-44 विमानों के हिसाब से 1380 विमानों का आवागमन हुआ। {जून तक रांची एयरपोर्ट में प्रतिदिन 7600 से 8000 यात्रियों का आवागमन होता था, जो जुलाई में 6000 पैसेंजर रह गया है। जून में रांची से जहां 27 विमानों का संचालन होता था, वहीं जुलाई में यह फ्लाइट्स की संख्या करीब 22 तक पहुंच गई है। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से एक जुलाई से चार विमानों की संख्या कम की है। इनमें दिल्ली से रांची आकर दिल्ली जाने वाली दो फ्लाइट हैं और मुंबई और हैदराबाद जाने वाली दो फ्लाइट हैं। वहीं, इंडिगो ने कई विमानों के फेरे कम कर दिए हैं। शाम में रांची से 7.50 बजे अहमदाबाद जाने वाला विमान अभी सात दिन नहीं, बल्कि पांच दिन उड़ान भर रहा है। दोपहर डेढ़ बजे पटना जाने वाला विमान भी अब सात की जगह 5 दिन ही उड़ान भर रहा है। शाम में रांची से 7.40 बजे चेन्नई जाने वाले विमान का फेरा घटाकर 4 दिन कर दिया है। दोपहर में कोलकाता जाने वाली एक फ्लाइट अब सात की जगह तीन दिन ही उड़ान भर रही है। इसी तरह देर शाम हैदराबाद जाने वाले विमान का भी फेरा घटाकर तीन दिन कर दिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *