पुलिस ऐन वक्त पर रूट करती है डायवर्ट जिससे लगता है जाम

भास्कर न्यूज | अमृतसर वीरवार को वाल्मीकि समाज के अमृतसर बंद के बीच पुलिस की ओर पहले कोई रूट प्लान जारी नहीं किया गया। इस कारण पूरा दिन शहर में वाहन चालक जाम से जूझते रहे। धरने के दौरान भंडारी पुल के चारों ओर बैरिकेडिंग कर ट्रैफिक को रोक दिया गया। गोल्डन गेट की ओर से भंडारी पुल जाने वाले एलिवेटेड रोड को पूरी तरह बंद कर दिया गया, जबकि वाहनों को पुल के नीचे वाले मार्ग से निकाला गया। एक ही रास्ते पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ने से यहां वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोग घंटों जाम में फंसे रहे। इसके अलावा अशोका चौक, पकौड़े वाले चौक से भंडारी पुल की ओर जाने वाले मार्ग तथा हॉल गेट से रेलवे स्टेशन जाने वाले फ्लाईओवर पर भी बैरिकेडिंग की गई थी। इससे लोगों को अंदरूनी शहर की तंग सड़कों से गुजरना पड़ा, जहां पहले से ही वाहनों का दबाव अधिक होने के कारण कई इलाकों में वाहन रेंगते नजर आए। हैरानी की बात कि धरने की घोषणा पहले से हो चुकी थी, लेकिन ट्रैफिक पुलिस ने न तो सोशल मीडिया पर कोई ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की और न ही लोगों को वैकल्पिक मार्गों की जानकारी दी। यदि एक दिन पहले ही रूट प्लान सार्वजनिक कर दिया जाता और शहर के प्रवेश मार्गों पर डायवर्जन लागू कर दिए जाते, तो बड़ी संख्या में लोगों को जाम से बचाया जा सकता था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *