भास्कर न्यूज | जालंधर पीसी एम एसडी कॉलेज फॉर विमेन, जालंधर की एनएसएस विंग ने नए शामिल हुए स्वयंसेवकों के लिए एनएसएस ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को नेशनल सर्विस स्कीम के उद्देश्यों, गतिविधियों और उसके महत्व से परिचित कराना तथा उन्हें सामुदायिक सेवा और राष्ट्र-निर्माण की पहलों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना रहा। ओरिएंटेशन सत्र में स्वयंसेवकों को एनएसएस के लक्ष्य, आदर्श वाक्य, नियमित गतिविधियों, सात-दिवसीय विशेष शिविर, एनएसएस प्रमाणपत्र और माई भारत पोर्टल के बारे में जानकारी दी गई। ”मैं नहीं, आप” की भावना के साथ वृक्षारोपण, रक्तदान, स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता, डिजिटल साक्षरता और मतदाता जागरूकता जैसी गतिविधियों में भाग लेने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया। अध्यक्ष नरेश बुधिया, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनोद दादा, मैनेजिंग कमेटी के सदस्यों और प्रिंसिपल डॉ. पूजा पराशर ने कार्यक्रम के आयोजन के लिए एनएसएस विंग की सराहना की और स्वयंसेवकों से समर्पण व अनुशासन के साथ गतिविधियों में सक्रिय रहने की अपील की।


