पंजाब के फरीदकोट जिला की जैतों पुलिस ने दो अलग अलग मामलों में 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है ।पुलिस को इनके पास से कई हथियार बरामद हुए हैं। जानकारी के मुताबिक पहले मामले में पुलिस ने थाना बाजाखाना के गांव डोड से मोगा जिले के गांव रौंता निवासी जसकरण सिंह उर्फ करना को गिरफ़्तार किया जिसके पास से 32 बोर की देसी पिस्टल ,2 मैगजीन व 2 कारतूस बरामद किए गए। इस आरोपी पर पहले भी एक केस दर्ज है। वहीं दूसरे मामले में थाना जैतो के एसएचओ इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह की निगरानी में एएसआई नछत्तर सिंह को गश्त और चेकिंग के दौरान सूचना मिली थी कि कोटकपूरा रोड पर स्थित बेअबाद भठ्ठे पर हथियारों के साथ कुछ युवक बैठे हुए हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस पार्टी ने छापेमारी करते हुए वहां से 7 आरोपियों को पकड़ा। इन आरोपियों की पहचान जैतो निवासी जसविंदर सिंह रीनू ,सेठी सिंह गग्गू, सुखचैन सिंह उर्फ गगना, सुलतान सिंह उर्फ सन्नी,रोमन सिंह उर्फ मनी जसविंदर सिंह और तरसेम सिंह उर्फ सेमा के रूप में हुई। 7 माह के दौरान 23 मामलों में 120 आरोपी गिरफ्तार-डीएसपी इस मामले में डीएसपी जैतो सुखदीप सिंह ने बताया कि अब आरोपियों को अदालत से रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। उन्होंने जानकारी दी कि पकड़े गए एक सदस्य पर पहले ही नशा तस्करी के 5 केस दर्ज है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने पिछले 7 माह के दौरान संगठित अपराध के 23 मामलों में 120 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।


