अंबिकापुर, उदयपुर जनपदों में कांग्रेस का कब्जा, मैनपाट में भाजपा:उदयपुर में गहमागहमी के बीच हुआ चुनाव, अंबिकापुर में कांग्रेस व मैनपाट में भाजपा का आसान जीत

शनिवार को सरगुजा जिले के जनपद पंचायत के अध्यक्ष-उपाध्यक्षों के चुनाव को लेकर उदयपुर में जमकर हंगामा हुआ। गोंड़वाना समर्थित जनपद सदस्य को कब्जे में लेने का आरोप लगा गोंड़वाना गड़तंत्र पार्टी समर्थकों व कांग्रेसियों में विवाद की स्थिति बन गई। सरगुजा के अंबिकापुर एवं उदयपुर में कांग्रेस ने जनपद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों पर कब्जा किया है। वहीं मैनपाट जनपद में भाजपा ने आसान जीत हासिल कर ली है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में कांग्रेस ने दो जनपदों में कब्जे के साथ खाता खोला है। जनपद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष चुनाव को लेकर उदयपुर में विवाद की स्थिति बन गई। उदयपुर जनपद में कांग्रेस समर्थित जनपद सदस्य जब जनपद परिसर में पहुंचे तो गोंड़वाना समर्थित लोगों ने अपने दल के एक जनपद सदस्य को कब्जे में करने का आरोप लगा हंगामा कर दिया। इसे लेकर कांग्रेस एवं गोंड़वाना समर्थकों में जमकर विवाद एवं गाली-गलौज हुआ। पूर्व डिप्टी सीएम व विधायक भी पहुंचे
पुलिस बल ने मौके पर पहुंच जनपद सदस्यों को जनपद सभाकक्ष में भेजा। विवाद की सूचना पर पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव एवं भाजपा विधायक राजेश अग्रवाल भी मौके पर पहुंचे। हालांकि वे स्थिति का जायजा लेकर कुछ ही देर में मौके से चले गए। पुलिस ने बाहरी लोगों को जनपद परिसर में प्रवेश करने से रोक दिया। हालांकि कुछ देर तक नारेबाजी भी होती रही। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष दोनों पदों पर कांग्रेस का कब्जा
उदयपुर जनपद में अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस समर्थित ओमप्रकाश सिंह को 8 मत एवं भाजपा समर्थित मुन्ना सिंह को 5 मत मिले। वहीं उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस के सिद्धार्थ सिंहदेव एवं भाजपा समर्थित शकुंतला को पांच मत मिले। अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष दोनों पदों पर जीत के बाद कांग्रेस ने विजय जुलुस निकाला व जनपद पर कब्जे का जश्न मनाया। अंबिकापुर जनपद में कांग्रेस का कब्जा, निकाली रैली
अंबिकापुर जनपद पंचायत में भी कांग्रेस ने आसानी से अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष दोनों पदों पर कब्जा कर लिया है। यह संभाग की सबसे बड़ी जनपद पंचायत है। अंबिकापुर जनपद पंचायत में कांग्रेस के 13 समर्थित सदस्य चुनाव जीते थे। वहीं भाजपा समर्थित 12 सदस्यों को जीत मिली थी। शनिवार को अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस समर्थित विक्रम सोनपाकर एवं भाजपा समर्थित रामशरण राम ने नामांकन किया। कांग्रेस समर्थित विजय सोनपाकर को 13 एवं रामशरण को 12 मत मिले। विजय सोनपाकर ने एक मत से जीत दर्ज की। उपाध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस समर्थित सतीश यादव एवं भाजपा समर्थित विजय व्यापारी ने नामांकन दाखिल किया। कांग्रेस समर्थित सतीश यादव को 16 एवं विजय व्यापारी को 9 मत मिले। भाजपा के तीन जनपद सदस्यों ने क्रास वोटिंग की। बड़े मतांतर से सतीश यादव ने जीत दर्ज की। मैनपाट जनपद में भाजपा का कब्जा
मैनपाट जनपद पंचायत में भाजपा ने आसानी से कब्जा जमा लिया। मैनपाट में जनपद अध्यक्ष पद के लिए भाजपा समर्थित संतोषी पैकरा एवं कांग्रेस समर्थित सुशीला खेस ने नामांकन दाखिल किया। संतोषी पैकरा को 9 एवं सुशीला खेस को 8 मत मिले। मैनपाट में उपाध्यक्ष पद के लिए एकमात्र नामांकन भाजपा समर्थित अनिल सिंह ने दाखिल किया। कांग्रेस ने उपाध्यक्ष पद के लिए उम्मीद्वार नहीं उतारा। अनिल सिंह निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो की मौजूदगी में भाजपाईयों ने जीत का जश्न मनाया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *