जालंधर में 40 रुपए मांगने पर दुकानदार पर हमला:बेसबॉल बैट से तोड़ी बाजू, आरोपी कार में बैठकर फरार; पुलिस जांच में जुटी

जालंधर में कुरकुरे-चिप्स के पैसे मांगने पर एक दुकानदार पर बेसबॉल बैट से हमला कर दिया गया। इस हमले में दुकानदार की बाजू टूट गई और पैर में भी गंभीर चोटें आईं। घटना माई हीरा गेट स्थित लवली टी स्टॉल पर हुई, जिसके बाद आरोपी कार सवार मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित दुकानदार जगदीश सिंह लवली ने बताया कि उन्होंने अपनी दुकान खोली थी। इसी दौरान एक कार में सवार युवक दुकान पर आया और दो कुरकुरे तथा दो चिप्स के पैकेट लिए। जब जगदीश ने सामान के 40 रुपये मांगे, तो आरोपी गाली-गलौच करने लगा। जगदीश के अनुसार, आरोपी कुछ दूरी पर जाकर वापस दुकान पर लौटा और अपने एक साथी को भी बुला लिया। इसके बाद दोनों युवकों ने बेसबॉल बैट से उन पर हमला कर दिया। इस हमले में जगदीश की बाजू टूट गई और पैर का मांस भी फट गया। आरोपियों ने लोगों को भी धमकाया आसपास के लोगों ने जब विरोध किया, तो आरोपियों ने उन्हें भी धमकाया और गालियां दीं। इसके बाद दोनों कार सवार मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने अपने भाई को बुलाया और 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जगदीश को इलाज के लिए अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उनकी बाजू में फ्रैक्चर की पुष्टि की। जगदीश ने बताया कि उनकी किसी से कोई पुरानी रंजिश नहीं है और वह आरोपियों को पहले से नहीं जानते थे। आरोपी सामान भी दुकान पर ही छोड़कर भाग गए थे। जांच अधिकारी एएसआई जर्मन सिंह ने बताया कि सामान के पैसे को लेकर हुए विवाद के बाद मारपीट की शिकायत मिली है। पीड़ित के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस दूसरी पार्टी को भी थाने बुला रही है और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *