वेस्टर्न कमांड ने हॉकी चैंपियनशिप का खिताब जीता:जालंधर कैंट में हुए रोमांचक मुकाबले; फाइनल में सदर्न कमांड को 4-2 से हराया

जालंधर कैट के वज्र हॉकी स्टेडियम में आयोजित इंडियन आर्मी इंटर-कमांड हॉकी चैंपियनशिप 2026-27 का खिताब वेस्टर्न कमांड ने अपने नाम कर लिया है। 24 से 30 जुलाई 2026 तक चले इस रोमांचक टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में वेस्टर्न कमांड ने सदर्न कमांड को 4-2 से हराकर प्रतिष्ठित ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। इस चैंपियनशिप में सेना की छह अलग-अलग कमांड्स की टीमों ने हिस्सा लिया, जहां खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त खेल भावना और कौशल देखने को मिला। जालंधर कैट स्थित आर्मी हॉकी नोड (वज्र हॉकी स्टेडियम) में 24 से 30 जुलाई 2026 तक इंडियन आर्मी इंटर-कमांड हॉकी चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। इस टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य सेना के भीतर बेहतरीन हॉकी प्रतिभाओं को मंच देना और उन्हें राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार करना था। टूर्नामेंट के समापन पर 30 जुलाई को एक कड़ा और बेहद रोमांचक फाइनल मैच खेला गया। खिताबी मुकाबले में वेस्टर्न कमांड और सदर्न कमांड की टीमें आमने-सामने थीं। दोनों ही टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन वेस्टर्न कमांड ने अपने बेहतरीन तालमेल और आक्रामक खेल के दम पर सदर्न कमांड को 4-2 से परास्त कर चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम कर ली। मुख्यअतिथि ने विजेताओं को किया सम्मानित इस प्रतिष्ठित आयोजन के समापन समारोह में वेस्टर्न कमांड के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, लेफ्टिनेंट जनरल पुष्पेंद्र सिंह (AVSM, SM) मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने विजेता और उप-विजेता टीमों के साथ-साथ टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए आर्मी कमांडर ने पूरी प्रतियोगिता के दौरान दिखाए गए असाधारण कौशल, अनुशासन, खेल भावना और टीम वर्क की जमकर सराहना की। इसके साथ ही उन्होंने इस पूरी चैंपियनशिप के बेहद पेशेवर, सुचारू और सफल आयोजन के लिए आयोजकों की पीठ थपथपाई। भारतीय हॉकी और राष्ट्र-निर्माण में सेना का योगदान भारतीय सेना हमेशा से राष्ट्र-निर्माण और देश में खेलों के विकास के लिए प्रतिबद्ध रही है। सेना की दूरदर्शी सोच और निरंतर प्रयासों का ही परिणाम है कि आज निचले स्तर से खेल प्रतिभाओं की पहचान की जा रही है और उन्हें निखारकर अंतरराष्ट्रीय स्तर का एथलीट बनाया जा रहा है। वर्तमान में भारतीय राष्ट्रीय हॉकी कैंप में भारतीय सेना के 5 खिलाड़ी अपनी सेवाएं दे रहे है। जिसमें नायब सूबेदार सूरज करकेरा, हवलदार जीतपाल, हवलदार चिराग, हवलदार आर्यन जेस और हवलदार प्रभदीप शामिल है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *