मोगा के कोट ईसे खां थाना पुलिस ने विदेश भेजने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने के आरोप में एक दंपती के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं और पंजाब ट्रैवल प्रोफेशनल एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार, गांव सैद मोहम्मद निवासी 22 वर्षीय कोमलदीप कौर ने पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि नानक नगरी, मोगा निवासी लखवीर सिंह उर्फ प्रिंस गेदू और उनकी पत्नी रमनदीप कौर गेदू, जो स्काईडोम कनाडा इमिग्रेशन सर्विस सेंटर चलाते हैं, ने उन्हें विदेश भेजने का भरोसा दिया था। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने वीजा और विदेश भेजने की प्रक्रिया के नाम पर उनसे 19 लाख 96 हजार रुपये ले लिए। पूरी रकम लेने के बावजूद न तो उन्हें विदेश भेजा गया और न ही उनकी राशि वापस की गई। काफी समय तक इंतजार करने के बाद जब कोई समाधान नहीं निकला तो उन्होंने पुलिस से शिकायत की। शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने, फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल करने, आपराधिक साजिश रचने और पंजाब ट्रैवल प्रोफेशनल एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


