प्रताप नगर स्थित शिवम सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया। अस्पताल में महिलाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। महिला चिकित्सकों की देखरेख में महिलाओं की निशुल्क जांच की गई और उन्हें स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया। अस्पताल की महिला कर्मचारियों ने इस अवसर को यादगार बनाने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। गीत-संगीत के माध्यम से कार्यक्रम में समां बांध दिया गया। महिला मरीजों और स्टाफ के लिए केक कटिंग समारोह भी आयोजित किया गया। अस्पताल के एमडी डॉ. राजकुमार जैन ने बताया कि पूरा दिन महिला सशक्तिकरण को समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए यह आयोजन किया गया। निशुल्क स्वास्थ्य शिविर से कई महिलाएं लाभान्वित हुईं।


