जयपुर के जेके लक्ष्मीपत यूनिवर्सिटी में शुक्रवार को हैकजेकेएलयू के चौथे संस्करण की शुरुआत हुई। इस ऑफलाइन हैकथॉन में देशभर के 60 संस्थानों से 500 से अधिक छात्र हिस्सा ले रहे हैं। प्रसिद्ध लेखक और कंटेंट क्रिएटर अंकुर वारिकू ने उद्घाटन सत्र में छात्रों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि आज का समय तेजी से बदल रहा है। कॉलेज के बाद जो नौकरी आप करते हैं, वह दस साल बाद प्रासंगिक नहीं हो सकती। इसलिए नए कौशल सीखने के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए। वारिकू ने छात्रों को सलाह दी कि वे अपने से अलग सोच वाले लोगों के साथ समय बिताएं। उन्होंने हैकथॉन में छात्रों द्वारा प्रस्तुत समाधानों और प्रोग्राम्स पर व्यक्तिगत चर्चा की और उनके विचारों की सराहना की। जेकेएलयू के वाइस चांसलर प्रो. धीरज सांघी, प्रो वीसी डॉ. अल्का महाजन और स्टूडेंट्स अफेयर्स हैड दीपक सोगानी ने वारिकू का स्वागत किया। एनटियन और डब्ल्यूएसक्यूब के सहयोग से आयोजित इस हैकथॉन में उद्योग और शैक्षणिक क्षेत्र की समस्याओं के समाधान खोजे जाएंगे। हैक जेकेएलयू 4.0 एक प्रमुख कोडिंग प्रतियोगिता है, जिसमें प्रतिभागी उद्योग विशेषज्ञों द्वारा दी गई वास्तविक समस्याओं का समाधान करेंगे।


