बाबा खाटू श्याम का फाल्गुनी लक्खी मेला पूरे परवान पर है। जैसे-जैसे मुख्य मेला नजदीक आ रहा है वैसे-वैसे खाटू नगरी में भक्तों की भीड़ बढ़ रही है। अब तक लाखों श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन कर चुके हैं। आज विदेशी व आर्टिफिशियल फूलों से बाबा श्याम का मनमोहक श्रृंगार किया गया। भक्त जयकारे लगाते हुए हाथों में निशान लेकर दरबार में आ रहे हैं। रींगस से खाटूश्यामजी पदयात्रा मार्ग पर बाबा श्याम के भक्तों के लिए जगह-जगह भंडारे लगे हुए हैं। बाबा श्याम के दरबार में की गई भव्य सजावट भक्तों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। इसके साथ ही श्याम दरबार में फुहारों से इत्र का छिड़काव भी भक्तों पर किया जा रहा है। बाबा श्याम के वार्षिक सतरंगी फाल्गुनी लक्खी मेले में भक्त अपनी मनोकामना पूरी करने के लिए अपने-अपने तरीकों से शिरकत कर रहे हैं। राजस्थान ही नहीं देशभर से श्रद्धालु बाबा श्याम के दरबार में हाजिरी लगाने आ रहे हैं। खासकर बात ये है कि कई क्षेत्रों से श्याम भक्त रंग-बिरंगी विशेष पोशाकों में नजर आए। कई यात्रियों का बाबा श्याम को रिझाने का अपना अलग-अलग तरीका मेले में देखने को मिला। कुछ भक्तों ने मेले में आकर सेवा को ही अपना ध्येय बनाया तो कई युवाओं ने अलग-अलग जगह से खाटू आकर एक ग्रुप बनाकर एक लक्ष्य बना लिया।


