भास्कर न्यूज | कांटाबांजी आेडिशा 2024 विधानसभा चुनाव में कांटाबांजी निर्वाचन क्षेत्र का मुकाबला देखने लायक था क्योंकि यहां पर पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और वर्तमान विधायक लक्ष्मण बाग के बीच चुनावी जंग थी। पूर्व सीएम नवीन पटनायक को हराना आसान काम नहीं हो सकता था, बावजूद इसके भाजपा के खेमे के लक्ष्मण बाग ने चुनाव जीता। लक्ष्मण ने बीजद के नवीन पटनायक को 16,000 से अधिक मतों से हराया था। चुनाव परिणाम को सुनकर सभी अचंभे थे। पांच बार मुख्यमंत्री रहे नवीन पटनायक को हराना अपने आप में एक सुर्खी थी। अफसोस की बात है कि लक्ष्मण को मंत्रीमंडल में जगह तक नहीं दी गई। ओडिशा में पिछले आठ महीने से भाजपा शासन में हैं। शुरुआती मंत्रीमंडल के गठन समय भी लक्ष्मण बाग को शामिल करने की चर्चा जोर शोर से चल रही थी लेकिन अंतिम चरण में उनका नाम गायब था। इस वजह से बलांगीर जिले और कांटाबांजी विधानसभा क्षेत्र के लोग आहत हुए थे। लक्ष्मण बाग एक अनुभवी नेता हैं यही वजह है कि नवीन पटनायक जैसे राष्ट्रीय स्तर राजनेता को उन्होंने चुनावी मैदान में करारी शिकस्त दी थी। आठ महीने पहले जब सरकार का गठन हुआ तब भी छह मंत्री पद खाली थे अब भी खाली हैं। इस दौरान मंत्री पद पाने की आस लगाए बैठे दो दर्जन से अधिक प्रत्याशियों के दिल टूट चुके हैं। गौरतलब है कि एक मजबूत लॉबी शुरू कर दी गई है। सूत्रों से पता चला है कि इस बार विधायक लक्ष्मण बाग को मंत्री बनाया जा सकता है।


