डूंगरपुर नगर परिषद के पूर्व सभापति और राजस्थान स्वच्छता के स्वच्छता अभियान के ब्रांड एंबेसडर रहे केके गुप्ता को स्थाई लोक अदालत उदयपुर ने उदयपुर शहर तथा उदयपुर विकास प्राधिकरण अधिकार क्षेत्र में आगामी 24 महीने के लिए न्याय मित्र नियुक्त किया गया है। स्थाई लोक अदालत उदयपुर के अध्यक्ष रवि प्रकाश शर्मा और सदस्या डॉ गरिमा गुप्ता ने जारी किए आदेश में के. के. गुप्ता को उदयपुर जिला एवं उदयपुर शहर की लोक सफाई एवं स्वच्छता की व्यवस्था को सुचारु रुप एवं प्रभावी ढंग से करायें जाने के संबंध में तथा स्वच्छ भारत मिशन के प्रावधान को समुचित रूप से लागू करवाने में सहयोग के लिए न्याय मित्र नियुक्त किया है। स्थाई लोक अदालत का यह मानना है कि उदयपुर शहर एवं जिले में कचरे के वैकल्पिक रुप से निस्तारण एवं प्रबंध के लिये पर्यावरण की शुद्धता, गंदगी, सीवरेज आदि की सफाई, वर्षा जल के संरक्षण उसकी समुचित निकासी के लिये, लोक सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था के लिये, आवारा पशुओ से सुरक्षा के लिये नागरिकों के स्वास्थ्य व हित को दृष्टिगत रखते हुए, किसी दक्ष एवं उर्जावान व्यक्ति को जोडा जाना जो कि सक्रियता के साथ ईमानदारी से इस संबंध में कार्य कर सके एवं लोगो को जागरुक कर सके को अधिकृत करने की आवश्यकता प्रतीत होती है।


