गोवा में आध्यात्मिक परंपरा को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए गोवा स्पिरिचुअल फेस्टिवल 2025 का आयोजन किया जा रहा है। श्री दत्त पद्मनाभ पीठ और सत्गुरु फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को श्री क्षेत्र तपोभूमि में इस फेस्टिवल का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत परंपरागत रूप से गोमाता पूजन और दीप प्रज्वलन से हुई। इस अवसर पर अनंत श्री विभूषित महामंडलेश्वर स्वामी चिदंबरानंद सरस्वती ने कहा कि सद्गुरु ब्रह्मेशानंदाचार्य स्वामी के प्रयासों से गोवा को नई आध्यात्मिक दिशा मिल रही है। उन्होंने कहा कि गोवा अब केवल पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण आध्यात्मिक केंद्र के रूप में उभर रहा है। कार्यक्रम में गोवा के जलस्रोत मंत्री सुभाष शिरोडकर, विधायक विजय सरदेसाई, समाजसेवक ॲड. सुरेंद्र देसाई, बीसीसीआई के जनरल सेक्रेटरी रोहन देसाई और सत्गुरु फाउंडेशन की अध्यक्षा ब्राह्मीदेवी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। स्वामी चिदंबरानंद ने कहा कि वे जहां भी जाएंगे, गोवा की वास्तविक सांस्कृतिक विरासत का प्रचार करेंगे। उन्होंने कहा कि स्वामी ब्रह्मेशानंदाचार्य न केवल गोवा की संस्कृति को सुधार रहे हैं, बल्कि इसे महान बनाने का कार्य कर रहे हैं। फेस्टिवल के माध्यम से आध्यात्मिक गोवा का एक नया रूप सामने आया है।


