महारानी फार्म स्थित विश्वकर्मा नगर के अग्रसेन भवन में शनिवार को अग्रवाल महिला संघ की ओर से होली स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया गया। फागोत्सव के इस खास मौके पर रंगों और फूलों की होली खेली गई, वहीं होली के गीतों पर महिलाओं ने जमकर उत्सव मनाया। महिला दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में समाज की कई महिलाओं ने भाग लिया और पारंपरिक अंदाज में होली उत्सव का आनंद लिया। कार्यक्रम की शुरुआत रंगों और फूलों की होली खेलकर हुई, जहां होली के गीतों पर झूमते हुए सभी उपस्थित लोगों ने एक दूसरे के साथ मिलकर इस पारंपरिक उत्सव का आनंद उठाया। अलका गर्ग, मृदुला मंगल, पल्लवी मित्तल, शालू गुप्ता, गायत्री जैन, हिमानी जैन, मेघा गुप्ता और समाज की अन्य महिलाओं ने इस समारोह में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण कृष्ण और गोपियों के वेश में मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां थीं। ढोल, मंजीरा, डफ और अन्य पारंपरिक वाद्य यंत्रों का उपयोग करते हुए राधा-कृष्ण के प्रेम का वर्णन किया गया। विशेष रूप से, अलका गर्ग ने कृष्ण की भव्य छवि में सभी सखियों के साथ नृत्य कर दर्शकों का मन मोह लिया।
आरती और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।


