डीग जिले की पहाड़ी थाना पुलिस ने 3 साइबर ठगों को साइबर ठगी करते हुए गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी महंगे कपड़े और पुराने सिक्के बेचने के नाम पर ठगी कर रहे थे। आरोपियों से 3 मोबाइल और 3 फर्जी सिम जब्त किए गए हैं। फिलहाल पुलिस फर्जी सिम और बैंक खाते उपलब्ध करवाने वाले लोगों का पता लगाने के लिए आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पहाड़ी थाना अधिकारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि साइबर ठगों के खिलाफ ऑपरेशन एंटी वायरस अभियान चलाया जा रहा है। आज मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि पहाड़ी कस्बे में गोल पहाड़ी की तलहटी में छुपकर कुछ साइबर ठग लोगों को झांसे में लेकर ठगी कर रहे हैं। जिसके बाद पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घेराबंदी कर 3 साइबर ठगों को पकड़ा। तीनों आरोपियों की तलाशी ली गई तो उनके पास 3 मोबाइल फर्जी सिम सहित मिले। आरोपियों ने पूछताछ में बताया की वह महंगे कपड़े, पुराने सिक्के बेचने के विज्ञापन सोशल मीडिया पर डालते हैं। जिसके बाद जो लोग उनसे संपर्क करते हैं। वह उन्हें झांसे में लेकर ठगी करते हैं। फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जिससे यह पता लगाया जा सके की साइबर ठगों को फर्जी सिम और बैंक खाते कौन उपलब्ध कराता है। आरोपियों में समयदीन निवासी गंगौरा थाना पहाड़ी, रिजवान निवासी नीमलीवास थाना पहाड़ी, तौफीक निवासी निवासी नीमलीवास थाना पहाड़ी को गिरफ्तार किया गया।


