भास्कर न्यूज | रामानुजगंज शासकीय लरंगसाय स्नातकोत्तर (अग्रणी) महाविद्यालय में 37वें वार्षिकोत्सव और पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम विचार नेताम, नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता अखिलेश सोनी और भाजपा जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश जायसवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। मंत्री नेताम ने महाविद्यालय में विशाल शेड और ऑडिटोरियम निर्माण की घोषणा की। समारोह में 56 छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। खेल, सांस्कृतिक और साहित्यिक गतिविधियों में भाग लेने वाले 220 विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। मंत्री नेताम ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय की हर समस्या का समाधान किया जाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने परीक्षा परिणाम की प्रशंसा की। उन्होंने वार्षिकोत्सव के सफल आयोजन के लिए प्राचार्य और प्राध्यापकों को बधाई दी। महाविद्यालय की प्राचार्य रोस लिली बड़ा ने स्वागत भाषण में बताया कि यहां 8 पीजी कक्षाएं संचालित हैं। कुल 1464 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। 7 नियमित प्रोफेसर, 15 अतिथि व्याख्याता, 1 ग्रंथपाल और 16 कर्मचारी कार्यरत हैं। उन्होंने महाविद्यालय की उपलब्धियों और समस्याओं से अतिथियों को अवगत कराया। विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। जिसमें छत्तीसगढ़ और भारत की सांस्कृतिक झलक दिखी। समारोह में नगर के वरिष्ठ व्यवसायी कन्हैयालाल अग्रवाल, नगर पालिका उपाध्यक्ष शीला जायसवाल, पार्षद सुमित गुप्ता, जिला पंचायत सदस्य मुंशी राम सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित किए। विशेष उपलब्धि के लिए रूपवंती और राजपति सिंह को नेट क्वालीफाई करने पर सम्मानित किया गया। महाविद्यालय में टॉप करने वाले शारदा गुप्ता, अंजनी गुप्ता, अनिकेत सरकार, संजय यादव, नंदनी, अर्पणा गुप्ता, करिश्मा सिंह, राधा कुशवाहा, अंजू, संतिला, अनुराग टोप्पो और अनित राय को विशेष पुरस्कार दिया गया। आभार प्रदर्शन प्रो. एस.के. धारी ने किया। मंच संचालन प्रो. रमेश कुमार खैरवार, छात्र वीरेंद्र और चंदा ने किया। कार्यक्रम में डॉ. आर.बी. सोनवानी सहित अन्य प्रोफेसर, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।