पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा में धरमपुर-सिमलोंग मुख्य सड़क पर महुआटांड़ के पास एक सड़क दुर्घटना हुई। एक अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए। घायलों में सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र के जियाजोड़ी रामपुर गांव निवासी प्रसाद सोरेन, उनकी पत्नी और 8 महीने की बच्ची शामिल हैं। तीनों लिट्टीपाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती हैं। प्रसाद सोरेन अपने परिवार के साथ धर्मपुर गोड्डा मुख्य सड़क से गोंडा की ओर जा रहे थे। स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल दुर्घटना की सूचना मिलते ही एएसआई अयोध्या राम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। वहां नर्स और सीएचओ ने उनका प्राथमिक उपचार किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि धर्मपुर-गोड्डा मुख्य सड़क पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। वाहनों की तेज रफ्तार इसका मुख्य कारण है। लोगों ने प्रशासन से बड़े वाहनों की गति सीमित करने की मांग की है। उन्होंने परिवहन विभाग से विशेष वाहन जांच अभियान चलाने की भी मांग की है। एक दिन पहले भी लिट्टीपाड़ा-दुमका मुख्य मार्ग पर एक हाईवा ने खड़ी प्याज की ट्रक को टक्कर मारी थी। उस हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हुआ था।


