पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय उड़िया कला में रविवार को ड्रोन और मानव रहित हवाई वाहन (यूएवी) फ्लाइंग शो का आयोजन हुआ। इसमें 530 से ज्यादा विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान छात्रों ने ड्रोन तकनीक की उन्नत क्षमता को प्रत्यक्ष रूप से देखा और समझा। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ड्रोन तकनीक की विशेषज्ञ डॉ. अरुणा राणा रहीं। उन्होंने छात्रों को ड्रोन पायलटिंग, वायु गतिकी और यूएवी डिजाइन में कॅरियर के अवसरों की जानकारी दी। खासतौर पर कक्षा 11वीं और 12वीं की छात्राओं को इस क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ड्रोन और यूएवी तकनीक में रुचि रखने वाली छात्राएं इस विषय से जुड़े पाठ्यक्रम अपनाकर उज्ज्वल भविष्य बना सकती हैं। कार्यक्रम में जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य एनके लांजेवार का सहयोग अहम रहा। राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान से अंजन जोशी ने भी कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने इसे छात्रों के लिए शानदार तकनीकी अनुभव बताया। शो में कई तरह के ड्रोन मॉडल प्रदर्शित किए गए। इनमें फूल गिराने वाला ड्रोन, प्रथम व्यक्ति दृश्य (एफपीवी) ड्रोन, एरोबैटिक स्टंट करने वाला स्पीड ड्रोन, एरोबेटिक्स क्षमता से युक्त यूएवी पावर मॉडल और गिद्धों के साथ ग्लाइडर ड्रोन शामिल थे। छात्रों ने इन मॉडलों को कार्यरत देखा और आधुनिक तकनीक को करीब से समझा। इस आयोजन ने विद्यार्थियों में नवाचार और तकनीकी कौशल के प्रति रुचि बढ़ाई। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय उड़िया कला में समीपस्थ विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए गति निर्धारक गतिविधि कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस बार कार्यक्रम का विषय चित्रकला, स्वास्थ्य और स्वच्छता पर केंद्रित रहा। इसमें प्राथमिक स्कूल उड़िया कला और पूर्व माध्यमिक स्कूल उड़िया खुर्द के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। प्राचार्य एनके लांजेवार ने बताया कि कला शिक्षक राजेश कुमार चौरसिया के मार्गदर्शन में चित्रकला प्रतियोगिता हुई। इसमें 100 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों को चार समूहों में बांटा गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। स्वास्थ्य और स्वच्छता को लेकर बच्चों को जानकारी विस्तार से दी गई।


