भास्कर न्यूज | कवर्धा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने महिला कर्मचारियों का सम्मान किया। उन्होंने महिलाओं के पैर छूकर प्रणाम किया और कहा- आप हैं तो हम हैं, नारी शक्ति महान है। नगर पालिका परिषद के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में सफाई कर्मियों, स्वच्छता दीदियों और कार्यालयीन स्टाफ का फूल-माला से स्वागत किया गया। चंद्रवंशी ने अपनी टीम के साथ गेट पर खड़े होकर महिलाओं की आरती उतारी और पुष्प गुच्छ भेंट किए। इसके बाद सभी के साथ बैठकर नाश्ता किया और नारी शक्ति की महानता पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति साहस, आत्मविश्वास, प्रेम, त्याग और सहनशीलता का प्रतीक है। समाज की नींव नारी है और उसका सम्मान करना सभी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए कई योजनाएं चला रही है। महतारी वंदन योजना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। महिलाओं को समान अवसर मिलने से ही समाज मजबूत और विकसित होगा। महिला दिवस त्याग और साहस को समर्पित है हर साल 8 मार्च को मनाया जाने वाला अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं के त्याग और साहस को समर्पित है। यह दिन उनके सम्मान और समाज में उनकी उपलब्धियों का जश्न मनाने का अवसर देता है। कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष पवन जायसवाल, पार्षद मनीषा साहू, रेखा साहू, किरण सोनी, सुषमा उपाध्याय, चित्ररेखा कुंभकार और आरती कौशिक ने भी संबोधित किया। महिलाओं को उनके अधिकारों की जानकारी देते हुए उन्हें जागरूक किया गया।


