भास्कर न्यूज | अंबागढ़ चौकी महीनों से पेयजल की समस्या से जूझ रहे नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक एक मेरेगांव के निवासियों को अब नल से पानी मिलने लगा है। मेरेगांव में कन्या शिक्षा परिसर छात्रावास का नलकूप बंद रखे जाने के कारण इस इलाके के सैकड़ों लोगों को नलों से पानी नहीं मिल पा रहा था। जिससे वार्डवासियों में आक्रोश था और वे नगरीय निकाय से टैंकर के स्थान पर नल से पानी देने की मांग कर रहे थे। 8 मार्च को बोर को प्रारंभ करा दिए जाने से इस क्षेत्र के निवासियों को नल से पेयजल आपूर्ति शुरू हो गई है। जिससे नागरिकों में खुशी है। इधर प्रभावित नागरिकों ने नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी को पेयजल की समस्या की जानकारी देते हुए पेयजल आपूर्ति कराने की मांग की थी। समस्या की जानकारी मिलते ही हरकत में आए नपं अध्यक्ष ने एक सप्ताह के एक्सरसाइज के बाद बंद पड़े बोर को पुनः प्रारंभ करा कर पेयजल आपूर्ति प्रारंभ करा दी। जिससे इस क्षेत्र के नागरिकों में खुशी व्याप्त है। मेरेगांव के रामू यादव, प्रिंस अन्ना, लक्की माहला, बाकेराव रामटेके, कांकेराव रामटेके, हेमलाल वर्मा ने समस्या के निराकरण के लिए नगर अध्यक्ष व निकाय प्रशासन का आभार जताया है। महीनों से संकट, टैंकर से आपूर्ति की जा रही थी मेरेगांव में कन्या शिक्षा परिसर छात्रावास के समीप स्थित बोर से जुड़ी पाइप लाइन में महीनों बाद पानी की सप्लाई होने लगी है। इस बोर को नगरीय निकाय ने बंद करा रखा था। बताया जाता है कि बोर से गंदा पानी आने के कारण इसका कनेक्शन पाइप लाइन से हटा दिया गया था और आपूर्ति रोक कर रखी गई थी। जिससे छात्रावास से शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक शाला क्षेत्र तक पेयजल आपूर्ति नल से नहीं हो पा रही थी। प्रभावित क्षेत्रों में निकाय के द्वारा टैंकर से पेयजल आपूर्ति की जा रही थी। जिससे नागरिकों , कामकाजी व नौकरी पेशा लोगों को परेशानी हो रही। राहत देने के लिए पीएचई के प्लांट से पानी की मांग पीएचई के द्वारा नगर से ब्लाक के 26 ग्रामों में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से पेयजल आपूर्ति की जाती है। इसमें अंबागढ़ चौकी नगर के तीन टंकियों को भी पेयजल आपूर्ति की जाती है। लेकिन महीनों से लो वोल्टेज व तकनीकी समस्या के चलते पीएचई के द्वारा नगर को पेयजल आपूर्ति नहीं की जा रही है। जिससे मेरेगांव सहित नगर के कई वार्डों में पेयजल संकट गहरा गया है। नपं के नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने पखवाड़े में दो बाद कलेक्टर व पीएचई विभाग के अधिकारियों से भेंटकर नगरीय निकाय को दोनों समय पेयजल आपूर्ति के लिए पानी टंकियों में पानी देने की मांग रखी।


