भास्कर न्यूज | जालंधर यीशु नाम सुमिरन करिये…, चलो प्रभु के घर को चले…, यीशु दी बल्ले बल्ले… ये पंक्तियां सुनकर श्रद्धालुओं भक्तिरस में डूबे। प्रभु यीशु की प्रतिमा पर लगातार हो रही फूलों की वर्षा से शहर में खुशी का माहौल बन गया। मौका था यूनाइटेड पास्टर्स एसोसिएशन की ओर से क्रिसमस पर्व के उपलक्ष्य में बुधवार को श्रीराम चौक से निकाली गई भव्य शोभायात्रा का। इंसानी जीवन को सुखद बनाने वाले प्रेम, मदद, करुणा का संदेश देते हुए श्रद्धालु भजनों का गुणगान करते हुए शोभायात्रा में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरूआत पास्टर्स ने प्रार्थना करके की। प्रार्थना के बाद भक्तों ने प्रभु यीशु के भजनों का गुणगान कर भक्तिमय माहौल बनाया गया। शहर की अलग-अलग संस्थाओं ने शोभायात्रा में हिस्सा लिया। इस दौरान प्रभु यीशु जी के जन्म से संबंधित सुंदर झाकियां ट्रालियों में सजाई गईं थीं। शोभायात्रा श्री राम चौंक से चलकर मिलाप चौक, फगवाड़ा गेट, भगत सिंह चौक, अड्ढा होशियारपुर चौक, माईहीरा गेट, पटेल चौक, बस्ती अड्ढा से होते हुए वापिस गिरजाघर में संपन्न हुई। लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत करने के लिए पुष्प वर्षा की। समाज सेवकों ने लंगार भी बांटा। पास्टर्स ने कहा कि प्रभु यीशु मसीह ने धरती पर अवतार लेकर लोगों की भलाई की, उन्हें सच्चाई के रास्ते पर चलाना सिखाया। प्रभु यीशु मसीह ने मानवता व भाईचारे का संदेश दिया। जनता की भलाई के लिए वे हंसते-हंसते सूली पर चढ़ गए। हमें भी प्रभु यीशु मसीह के दिखाए मार्ग पर चलते हुए मानवता की भलाई के लिए काम करना चाहिए। आपसी एकता से देश को मजबूत बनाए रखना होगा। यहां पास्टर सुरिंदर कुमार, पास्टर गुरमेल लाल, पास्टर तेजिंदर, पास्टर किरपाल, पास्टर योगराज, पास्टर दीपक कुमार व अन्य श्रद्धालु उपस्थित थे। मंच से कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए सदस्य।


