नवांशहर में नशे के खिलाफ अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी डॉ. मेहताब सिंह के नेतृत्व में शहर के कलरा मोहल्ले में तीन नशा तस्करों के अवैध निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त किया गया। तीनों नशा तस्कर महिलाएं हैं, जिनकी पहचान बीरो, छिंदो और संतोष के रूप में हुई है। इन्होंने सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करके घर बना रखे थे। कार्रवाई के दौरान नगर कौंसिल के कर्मचारी और उनकी मशीनें मौजूद थीं। एसएसपी ने मौके पर मौजूद रहकर नशा तस्करों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि नशा बेचने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। स्थानीय निवासियों ने नशे के खिलाफ पंजाब सरकार की इस कार्रवाई का स्वागत किया है।


