कांकेर के पुराना बस स्टैंड पर कांग्रेसियों ने ED और केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के महासचिव भूपेश बघेल के आवास पर की गई छापेमारी के विरोध में कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार का पुतला दहन कर अपना विरोध जताया। जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष सुभद्रा सलाम ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बिना किसी ठोस आधार के नोटिस भेजकर और छापेमारी कर प्रताड़ित किया जा रहा है। संविधान को कमजोर कर रही ED – कांग्रेस सुभद्रा सलाम ने कहा कि भाजपा सरकार ईडी का दुरुपयोग कर लोकतंत्र और संविधान की मूल भावना को कमजोर कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी को राजनीतिक हथियार बनाकर विपक्षी दलों के नेताओं को झूठे मामलों में फंसाया जा रहा है। एकजुट होकर केंद्र सरकार के कार्रवाई का विरोध विरोध प्रदर्शन में प्रदेश उपाध्यक्ष बिरेश ठाकुर, प्रदेश सचिव जितेन्द्र सिंह ठाकुर, मृदुला भास्कर समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर केंद्र सरकार की कार्रवाई का विरोध किया और इसे लोकतंत्र के लिए खतरा बताया।


