बूंदी में होटल पर दोस्तों के साथ खाना खाने गए युवक की होटलकर्मियों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। युवकों का 800 रुपए के बिल को लेकर होटलकर्मियों से विवाद हो गया था। घटना सदर इलाके के वेलकम रेस्टोरेंट का रविवार देर रात 1:30 बजे का है। पुलिस ने मामले में 4 आरोपियों को डिटेन भी किया है। एसआई नरेंद्र कुमार ने बताया- कोटा के उद्योग नगर थाना क्षेत्र के DCM में रहने वाले चार युवक रणजीत सिंह (27), हरगुन सिंह (26), नितिन खटीक (25) और ललित (24) बूंदी के वेलकम रेस्टोरेंट पर खाना खाने आए थे। यहां होटल स्टाफ के साथ बिल देने को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर 10 से 12 होटल स्टाफ हॉकी और बेसबॉल बैट लेकर आए। उन्होंने चारों दोस्तों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। नितिन खटीक गंभीर घायल हाे गया। दोस्त उसे लेकर कोटा पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सोमवार को एमबीएस हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी के बाहर युवक के परिजनों ने हंगामा कर दिया। उन्होंने आरोपियों को गिरफ्तार करने, मुआवजा देने और होटल को सीज करने की मांग की। परिजनों की मांग पर बूंदी से तहसीलदार बलबीर सिंह वार्ता करने के लिए कोटा पहुंचे। कांग्रेस नेता विजय सिंह राजू ने बताया कि तहसीलदार ने मुख्यमंत्री सहायता कोष से हर संभव मदद दिलाने की बात कही है। वहीं होटल को सीज करने का आश्वासन दिया गया है। तहसीलदार ने कहा- होटल संचालक और मारपीट करने वाले आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नितिन फाइनेंस कंपनी में काम करता था। वह तीन भाइयों में सबसे छोटा था। इतना पीटा नितिन अचेत हो गया था
नितिन के दोस्त रणजीत ने बताया कि हम 4 दोस्त रामगंज बालाजी मंदिर के पास रेस्टोरेंट में खाना खाने गए थे। होटल के काउंटर पर बिल की बात पर नितिन की स्टाफ से बहस हुई थी। इसके बाद झगड़ा हुआ और होटलकर्मियों ने हमारे साथ मारपीट की।


