फरीदकोट में लूटपाट गिरोह के 12 बदमाश गिरफ्तार:2 बाइक और 3 फोन बरामद, पुलिस ने तीन अलग-अलग जगहों से दबोचा

पंजाब के फरीदकोट में पुलिस ने 12 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन आरोपियों से तेजधार हथियार, 3 फोन और 2 बाइक बरामद की है और इनके खिलाफ संबंधित थानों में केस दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है। जिला पुलिस द्वारा एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन के नेतृत्व में संगठित अपराध के तीन अलग-अलग मामलों में लूटपाट की योजना बना रहे 3 गिरोह से जुड़े इन बदमाशों को पकड़ा है। पुलिस ने बताया कि थाना सिटी -2 फरीदकोट के अधीन मेडिकल अस्पताल चौकी की पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए फरीदकोट के रहने वाले चंदन, संदीप सिंह, अजयपाल, जसविंदर सिंह व सिमरजीत सिंह को तेजधार हथियार , 3 फोन और दो बाइक समेत गिरफ्तार किया। इसी तरह थाना सदर फरीदकोट की पुलिस ने लूट की योजना बनाते फरीदकोट निवासी सुखबीर सिंह, मनदीप सिंह व प्रगट सिंह को तेजधार हथियारों समेत काबू किया। इसी तरह एक अन्य मामले में थाना सदर कोटकपूरा पुलिस ने गांव देवी वाला से गांव ढिलवां कलां निवासी सुखमंदर सिंह उर्फ मंदर व गुरजीत सिंह उर्फ बुल्ला, गांव सिखां वाला निवासी प्रकाश सिंह उर्फ पासा व गांव घनिएवाला निवासी मनदीप सिंह उर्फ रवि को तेजधार हथियारों समेत काबू किया। यह सभी भी सुनसान जगह पर बैठकर लूटपाट की वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। 7 माह के दौरान 28 मामलों में 143 गिरफ्तार-डीएसपी
इस मामले में डीएसपी राजकुमार ने बताया कि गिरफ्तार किए गए इन आरोपियों के खिलाफ पहले भी विभिन्न थानों में 15 आपराधिक केस दर्ज हैं और अब इन्हें कोर्ट से रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि जिला पुलिस ने पिछले 7 माह के दौरान संगठित अपराध के 28 मामलों में 143 आरोपी गिरफ्तार किए है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *