विधानसभा में नाथी का बाड़ा की गूंज:डिप्टी सीएम दीया कुमारी और कांग्रेस विधायक में बहस; गोदारा भी विधानसभा अध्यक्ष से उलझे

विधानसभा में सहकारिता विभाग की अनुदान मांगों पर बहस के दौरान फिर नाथी का बाड़ा का जिक्र आया। मंत्री गौतम कुमार ने कहा- सहकारिता में खाली पदों को भरने के लिए अगले महीने भर्ती परीक्षा आयोजित कर युवाओं को रोजगार देंगे। उन्होंने कांग्रेस विधायकों को इंगित करते हुए कहा कि आपके समय तो पेपर लीक हुए और नाथी का बाड़ा जैसी बातें हुई, हम रोजगार देंगे। इससे पहले विधानसभा में डिप्टी सीएम दीया कुमारी और कांग्रेस विधायक रोहित बोहरा में जमकर बहस हुई। विधायक बोहरा के धौलपुर के राजाखेड़ा क्षेत्र में आंगनबाड़ी से जुड़े सवाल का डिप्टी सीएम जवाब दे रही थीं। शून्यकाल के दौरान कांग्रेस विधायक हरिमोहन शर्मा ने बूंदी जिले में हुई रेप और मर्डर की घटना का मुद्दा उठाया। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सांगानेर में पुलिसकर्मी द्वारा महिला से रेप की घटना का जिक्र करते हुए कहा- रक्षक ही भक्षक बने हुए हैं, मुख्यमंत्री के इलाके में यह हो रहा है बाकी जगह क्या हालात होंगे। स्थगन प्रस्ताव पर व्यवस्था के दौरान एक मंत्री के सदन से जाने पर स्पीकर देवनानी ने फटकार लगाई। प्रश्नकाल में खाद्य मंत्री सुमित गोदारा स्पीकर और नेता प्रतिपक्ष से भिड़ गए। स्पीकर के एक लाइन में जवाब देने के निर्देश पर गोदारा ने कहा- हम अपनी बात तो कहेंगे ही। अनुदान की मांगें पारित होने के बाद विधानसभा की कार्यवाही बुधवार तक स्थगित कर दी गई। मंत्री बोले- छुट्‌टी देने का प्रावधान नहीं
विधानसभा में पुलिसकर्मियों के साप्ताहिक अवकाश का भी मुद्दा उठा। भाजपा विधायक भैराराम चौधरी के सवाल के जवाब में गृह विभाग ने साफ किया है कि फिलहाल पुलिस कर्मियों को साप्ताहिक अवकाश दिए जाने का कोई प्रावधान नहीं है। गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम के जवाब पर नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यह ऑन रिकॉर्ड है कि डीजीपी ने पूरे प्रदेश में साप्ताहिक अवकाश के निर्देश जारी किए थे। यह पायलट प्रोजेक्ट सफल रहा था। जो चीज रिकॉर्ड में है, उसका तो आप गलत जवाब मत दीजिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *