झुंझुनूं शहर के हाउसिंग बोर्ड इलाके में मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एक निजी स्कूल बस ने एक्सयूवी को टक्कर मार दी। घटना के बाद लोगों ने हंगामा किया। जानकारी के अनुसार बस का हैंड ब्रेक फेल हो गया था, जिससे वह करीब 200 मीटर तक पीछे चली गई। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में भीड़ इकट्ठा हो गई। एक्सयूवी मालिक डॉ. कैलाश रहाड़ के अनुसार- उनका ड्राइवर गाड़ी लेकर उनके गांव जा रहा था। हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में जब वह पहुंचा तो वहीं खड़ी एक निजी स्कूल की बस अचानक पीछे की तरफ आ गई और उनकी गाड़ी से टकरा गई। बस के पीछे हटने का कारण उसका हैंड ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है। इस दौरान बस ने आसपास खड़ी अन्य गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा दिया। घटना की सूचना पर कोतवाली थाने के हेड कॉन्स्टेबल धर्मपाल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति को संभाला और दोनों वाहनों को कोतवाली थाने भिजवाया। हेड कॉन्स्टेबल धर्मपाल ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। जैसे ही रिपोर्ट दर्ज होगी, कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


