तुलसी नगर में 40 करोड़ से मुख्यालय बना रहा निगम:मुख्यालय में परिषद हॉल बनाना भूला निगम, अब 16 करोड़ से नया बनाएंगे

चार दशक बाद नगर निगम का अपना मुख्यालय भवन बनने जा रहा है, लेकिन तुलसी नगर में बन रहे इस भवन में नगर निगम परिषद की बैठक के लिए हॉल नहीं है। इस बिल्डिंग में बन रहे ऑडिटोरियम में लगभग 250 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी, लेकिन उसका उपयोग विभागीय समीक्षा बैठकों के लिए होगा। अब निगम ने निर्माणाधीन मुख्यालय भवन के सामने ही 25 हजार वर्ग फीट जमीन मांगी है, ताकि यहां परिषद हॉल बनाया जा सके। यदि इसका निर्माण आज भी शुरू होता है तो 16 करोड़ से जी प्लस 2 भवन बनने में कम से कम 2 साल लगेंगे। यानी अगर अगले 6 महीने में निगम को अपना मुख्यालय मिल भी गया तब भी अगले डेढ़ साल तक परिषद की बैठक आईएसबीटी में ही होगी। परिषद हॉल के लिए इस साल के नगर निगम बजट में 10 करोड़ रुपए का प्रावधान है। हाल ही में नगर निगम प्रशासन ने जमीन आवंटन के लिए शासन को पत्र लिखा है। 3 साल से बन रहा, अब खुली नींद नवीन मुख्यालय भवन का निर्माण लगभग 40 करोड़ रुपए से करीब 3 साल पहले शुरू हुआ था। बिल्डिंग का निर्माण कार्य अंतिम चरण में होने पर जिम्मेदारों को यह याद आया कि परिषद हॉल भी यहीं होना चाहिए। इसके बाद परिषद हॉल के लिए निर्माणाधीन बिल्डिंग में एक और फ्लोर बढ़ाने की बात कही गई। लेकिन, इस पर सहमति नहीं बनी। 4.21 एकड़ जमीन पर तीन हिस्सों में बन रहे इस परिसर में मुख्य बिल्डिंग 8 मंजिल और शेष दोनों चार-चार मंजिल की हैं। सभी अफसरों, महापौर, परिषद अध्यक्ष आदि के बैठने की व्यवस्था यहां की गई है। आईएसबीटी से संभव होगी आय… जब सभी कार्यालय नई बिल्डिंग में शिफ्ट हो जाएंगे तो आईएसबीटी को निगम किराए पर भी दे सकता है। इससे खासी आय होगी। परिषद हॉल के वहां से शिफ्ट नहीं होने पर निगम को इसके मेंटनेंस पर भी खर्च करना होगा। गिनी चुनी बैठकों के चलते इसे किराए पर देना भी संभव नहीं होगा। शुरू से ऐसे ही चल रहा पहली बार नगर निगम परिषद का गठन 1983 में हुआ। उस समय सदर मंजिल मुख्यालय था, लेकिन आचार्य नरेंद्र देव पुस्तकालय भवन में परिषद की बैठक होती थी। 2014 में मुख्यालय आईएसबीटी में शिफ्ट हुआ और बैठकें यहां बने टाउन हॉल में होने लगीं। ऐसा होगा नया परिषद हॉल
नए परिषद हॉल के लिए निर्माणाधीन भवन के सामने 25 हजार वर्गफीट जमीन मांगी है। इस पर जी+2 बिल्डिंग बनाई जाएगी। पहली मंजिल पर परिषद हॉल बनाया जाएगा। इसके ऊपर का फ्लोर प्रिंट-इलेक्ट्रोनिक मीडिया के साथ ही दर्शक दीर्घा के लिए होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *