लुधियाना में सीएम मान ने टीचर्स को बांटे नियुक्ति पत्र:भगवंत बोले- नौकरी देना कोई अहसान नहीं, सरकार का फर्ज रोजगार देना

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान पिछले कई दिनों से लुधियाना के दौरे पर हैं। वह आज भी लुधियाना पहुंचे हैं। इससे पहले भी वह 2 दिन लुधियाना में ही थे। सीएम बुधवार को फिरोजपुर रोड स्थित गुरु नानक देव भवन में आयोजित समारोह में शिरकत की। भगवंत मान समारोह में करीब 1 घंटा रुके। उनके साथ शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस भी मौजूद रहे। यहां उन्होंने सरकारी शिक्षकों को नियुक्ति पत्र दिए। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि नौकरियां देना कोई अहसान नहीं है। सरकार का यह फर्ज है। सरकार ने रोजगार के मौके पैदा करने होते हैं। जिन्हें रोजगार चाहिए उन्हें मैरिट के आधार पर नौकरी देनी चाहिए। आज कुछ शिक्षकों ने बताया कि उनकी सिलेक्शन तो हो जाती थी, लेकिन पैसे ना होने के कारण वह रिश्वत नहीं दे पाते थे। आम आदमी पार्टी के राज में रिश्वत का कोई काम नहीं है। पहली सरकारों ने सिर्फ लोगों को लूटा है। शिक्षक कैसे गुजारा करते हैं, मुझे पता: मान मान ने कहा कि मैं खुद शिक्षक का बेटा हूं। मुझे पता है कि एक शिक्षक कैसे अपना गुजारा करता है। समाज में शिक्षा की बहुत वेल्यू है। बचपन में शिक्षकों के लिए हमारी सोच कुछ और थी, लेकिन असल जिंदगी में शिक्षकों का जिंदगी में होना बहुत जरूरी है। मान ने कहा कि जब कोई वृक्ष छाया देने लग जाए तो सबसे अधिक खुशी माली को होती है। इसी तरह बच्चों का जब भविष्य उज्जवल होगा तो सबसे अधिक खुशी शिक्षकों को होती है। आज खुशी की बात है कि 951 शिक्षक स्कूलों में बच्चों को पढ़ाने के लिए जाएंगे। आज कई लोगों का सपना पूरा हुआ है जो शिक्षक बनना चाहते थे। स्कूल अच्छे मिले और अच्छा वातावरण मिले इसका प्रबंध सरकार कर रही है। जिस प्रोफेशन के लिए चुना गया, वहीं काम लिया जाए : भगवंत सीएम ने कहा कि, सरकारी स्कूल के शिक्षकों में किसी तरह की कमी नहीं है। बस एक माहौल स्कूल में नहीं मिला। सरकारी स्कूल के शिक्षकों का ध्यान छात्रों में न होकर स्कूल के खराब पंखे या खराब नल पर रहता था। लेकिन अब शिक्षक सिर्फ बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान देंगे। 2026 में जनगणना होनी है मैंने उन्हें स्पष्ट रूप से कह दिया है कि मैं शिक्षकों को इस काम के लिए नहीं दूंगा। कई और भी पढ़े लिखे युवा पंजाब में है उन्हें हायर करें। उन्हें प्रंशसा पत्र भी दें, ताकि युवाओं का हौसला बढ़े कि उन्होंने जनगणना की है। शिक्षकों को जिस प्रोफेशन के लिए चुना गया है उनसे वही काम लेना चाहिए। पहले ये हालात थे कि स्कूल खाली थे और स्कूल के सामने बनी पानी की टैंकी अध्यापकों के धरनों से भरी रहती थी। तर्जुबा इंसान को काबिल बनाता है मान ने कहा कि, सरकारी स्कूल पर्सनेलिटी डिवेलपमेंट में मदद करते हैं। तजुर्बा इंसान को काबिल बनाता है। दुख के बाद जो सुख इंसान को मिलता है उसका आनंद सबसे अलग है। आज जिन शिक्षकों को ईमानदारी से नौकरी मिली है, यही शिक्षा वह अपने बच्चों को भी दे। मान ने कहा कि भगवान के घर सभी ने जाना है सिर्फ सभी का समय अलग-अलग है। अच्छे कर्म करें ताकि लोग हमें भगवान के पास जाने के बाद भी याद करें। मान ने कहा कि मैं 3 दिन से लुधियाना में ही था। 23 तारिख को शहीद-ए-आजम भगत सिंह का जन्मदिन है, तो खटकड़ कलां जाउंगा। 24 को पंजाब विधानसभा का सत्र है। 25 को फिर से लड़कियों के सरकारी कालेज में प्रोग्राम है, फिर लुधियाना आउंगा। 26 को बजट पेश किया जाएगा और 27 और 28 को बजट पर डिबेट होगा और बजट पास होगा। मैं हमेशा अपना फोन ऑन रखता हूं। साढ़े 3 करोड़ लोगों के परिवार ने मुझे चुना है, मैं पूरी तनदेही से जिम्मेदारी निभा रहा हूं। बोले- रजिस्टर पूरे रखें टीचर्स- मैं कभी चेक कर सकता हूं मान ने कहा कि गुरु नानक देव भवन में पहले मैं शो किया करता था। मुख्य मेहमान आने पर शो बंद करवा दिया जाता था, लेकिन आज हम खुद ही चीफ गेस्ट है और खुद ही शो करते हैं। मान ने कहा कि नशों के खिलाफ जो अभियान चलाया है, उसकी प्लानिंग लगातार पिछले दो साल से की गई है। मान ने कहा कि बच्चे पढ़ाई के लिए विदेश में जाएं तो अच्छी बात है, लेकिन मजबूरी में जाएं तो सिस्टम की कमी है। मान ने शिक्षकों को स्पष्ट रूप से कहा कि जिन स्कूलों में अपनी तैनाती होगी वहां पर बेहतर काम करें अपने रजिस्टर पूरे रखे मैं कभी भी चेक करने आ सकता हूँ। लुधियाना में होने हैं विधानसभा उप चुनाव बता दें कि, लुधियाना के विधानसभा हल्का पश्चिम में जल्द उप चुनाव होने जा रहे हैं। इस कारण अक्सर अब सीएम और आम आदमी पार्टी की सीनियर लीडरशिप लुधियाना में ही डेरा लगाने की तैयारी में है। पिछले 2 दिनों में शहर के समस्त विधायकों से भी मान और केजरीवाल ने बैठक की। इनडोर स्टेडियम में आप लीडरशिप के द्वारा रैली का भी आयोजन किया गया था। रैली में स्पष्ट रूप से सरकार ने नशे के खिलाफ एक्शन लेने का ऐलान किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *