पंडरिया में ड्यूटी पर तैनात महिला डॉक्टर और नर्स से मारपीट की, एफआईआर दर्ज

भास्कर न्यूज | कवर्धा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंडरिया में ड्यूटी पर तैनात महिला डॉक्टर और स्टाफ नर्स के साथ मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। डॉ. नंदनी कोसले की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज किया है। डॉ. नंदनी ने शिकायत में बताया कि घटना 16 मार्च की शाम करीब 4.20 बजे की है। आरोपी सोनू डाहिरे अपने दो साथियों के साथ घायल सूर्या मेहता का इलाज कराने अस्पताल पहुंचा था। इलाज के दौरान सोनू डाहिरे ने गाली-गलौज शुरू कर दी और डॉक्टर को जान से मारने की धमकी देने लगा। महिला डॉक्टर ने बताया कि वह किसी अन्य मरीज को डिस्चार्ज संबंधी जानकारी दे रही थी तभी आरोपी सोनू डाहिरे ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। वह जोर-जोर से चिल्लाने लगा और इलाज न करने का आरोप लगाते हुए आक्रामक हो गया। उसने महिला डॉक्टर और अन्य स्टाफ के करीब आकर धमकाना शुरू कर दिया। स्टाफ नर्स नेहा चंद्रवंशी, बसंती सुनहले और ड्रेसर प्रेमचंद पाटले के साथ भी उसने बदसलूकी की। इधर मामले की जांच की जा रही है। नर्स से बदसलूकी, मारपीट करने से हाथ में आई चोट आरोपी ने स्टाफ नर्स नेहा चंद्रवंशी को पैर से पकड़ कर खींचने की कोशिश की और वीडियो बनाता रहा। जब अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो आरोपी ने राजेश साहू के साथ भी मारपीट की, जिससे उनके बाएं हाथ में चोट आई। महिला डॉक्टर ने बताया कि जब वह किसी तरह बचकर ड्यूटी रूम जा रही थीं तो आरोपी ने उनका वीडियो बनाते हुए हाथ पकड़कर खींचने की कोशिश की, जिससे उन्हें भी चोट आई। वह किसी तरह ड्यूटी रूम में छिपकर खुद को बचा पाई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *