डीपीआई ने स्कूलों में प्राचार्य के रिक्त पदों की जानकारी मांगी

भास्कर न्यूज | कवर्धा छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने प्रदेश के शासकीय हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों में प्राचार्य के रिक्त पदों पर पदोन्नति की मांग की थी। इसके बाद लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) ने कार्रवाई शुरू कर दी है। संचालनालय ने सभी रिक्त पदों की जानकारी मंगाई है। एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष रमेश कुमार चंद्रवंशी ने बताया कि लोक शिक्षण संचालनालय, नया रायपुर ने 18 मार्च को संभाग के सभी संयुक्त संचालकों को पत्र जारी किया। इसमें एक सप्ताह के भीतर रिक्त पदों की जानकारी देने का निर्देश दिया गया। यह जानकारी 31 मार्च 2025 की स्थिति में मांगी गई है। यह भी कहा गया है कि किसी भी विद्यालय में रिक्त पद की जानकारी छूटनी नहीं चाहिए। शासकीय हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों के साथ ही स्वामी आत्मानंद स्कूलों में भी रिक्त पदों की जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं। एसोसिएशन ने बताया कि प्रदेश के 4730 शासकीय हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों में कुल 3860 प्राचार्य पद रिक्त हैं। इनमें से 10 प्रतिशत पद सीधी भर्ती के लिए आरक्षित हैं। एसोसिएशन ने शेष 90 प्रतिशत यानी 3474 पदों पर पदोन्नति की मांग की थी। इसके बाद यह प्रक्रिया शुरू हुई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *