भास्कर न्यूज|गिरिडीह ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष मोहन प्रसाद भैय्या और प्रदेश सचिव राजेश बसंल ने बुधवार को रांची मंे झारखंड राज्य के खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ इरफान अंसारी से मुलाकात की। राज्य मंे राशन कार्डधारियों के समक्ष ई-केवाईसी को लेकर हो रही परेशानी के साथ-साथ राज्य के 25 हजार डीलरों की समस्या को प्रमुखता से रखा। कहा कि सरकार ने राज्य के तमाम कार्डधारियों को ई-केवाईसी करना अनिवार्य बताया है। साथ ही 21 मार्च से तमाम डीलरों को राशन कार्डधारियों को घर-घर जाकर लाभुकों का ई-केवाईसी पूरा करने का निर्देश दिया है। चिंता की बात है कि वर्तमान में लोग 4 जी व 5जी इस्तेमाल के युग में प्रवेश कर चुके हैं, लेकिन झारखंड के डीलर आज भी 2जी से ही काम चला रहे हैं। डीलरों को अपग्रेड करने के सवाल पर सरकार ने कभी चिंता नहीं की। लिहाजा ई-केवाईसी करने में भारी जद्दोजहद करनी पड़ रही है। क्योंकि 2 जी नेटवर्क अब अधिकांश इलाकों में काम नहीं करता है। ऐसे में डीलर के साथ साथ कार्डधारी भी परेशान हैं। ई-केवाईसी के लिए डीलरों के पास घंटों तक कार्डधारियों की लंबी कतार लगी रहती है, लेकिन लेकिन नेटवर्क के अभाव में घंटे दो घंटे में एक-दो लाभुकों का ई-केवाईसी हो पाता है। ऐसे में यदि कार्डधारियों के घर जाकर भी ई-केवाईसी कराने का प्रयास डीलर करते हैं तो वहां भी नेटवर्क की समस्या रहती है। इसके अलावा डीलरों का समय बर्बाद होगा और पीडीएस का काम काज ठप पड़ जाएगा। इस काम के लिए सरकार की ओर से पीडीएस डीलरों के लिए कुछ अलग से पारिश्रमिक की भी व्यवस्था नहीं की गई है। लिहाजा अब तक झारखंड में 60 फीसदी लाभुकों का भी ई-केवाईसी नहीं हो पाया है। वहीं सरकार का आदेश है कि ईकेवाईसी नहीं कराने वाले लाभुकों का 31 मार्च के बाद राशन बंद हो जाएगा। ऐसे में डीलर व कार्डधारी दोनों हैरान-परेशान हैं।


