साहिबगंज में नगर थाना क्षेत्र स्थित सूर्या नर्सिंग होम के सामने गुरुवार तड़के भीषण आग लग गई। इस घटना में सात झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। लाखों का सामान और आभूषण खाक हो गए। आग में झुलसी एक वृद्ध महिला का सूर्या नर्सिंग होम में इलाज चल रहा है। घटना के वक्त सभी लोग गहरी नींद में थे। गणेश शर्मा की चाय दुकान में अचानक आग भड़क उठी। आग तेजी से फैली और सिलेंडर तक पहुंच गई। सिलेंडर में धमाका हुआ। तेज धमाके से लोगों ने नींद खुली और अफरातफरी मच गई। इसी बीच आग ने सात झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। दो सिलेंडर और एक बैटरी में भी धमाका हुआ
पीड़ितों के अनुसार, दो घंटे तक आग जलती रही। इस दौरान दो सिलेंडर और एक बैटरी में भी धमाका हुआ। धमाका इतना तेज था कि सिलेंडर का ऊपरी हिस्सा करीब 100 मीटर दूर जा गिरा। लोगों ने सूर्या नर्सिंग होम के पानी से आग बुझाने की कोशिश की और अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। दमकल वाहन मौके पर पहुंच कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आगजनी में पुतुल देवी की चाय दुकान जलकर राख हो गई। गुड़िया देवी और उनके पति गणेश शर्मा की चाय दुकान, घर का सारा सामान और 45 हजार रुपए नकद जल गए। दीपक राज की रिपेयरिंग दुकान, बहादुर लोहार की दुकान और आशा देवी का घर भी खाक हो गया। पीड़ितों के अनुसार, कुल नुकसान करीब पांच से छह लाख रुपए का हुआ है।


