जीएसटी काउंसिल की 55वीं बैठक इस बार जैसलमेर में हो रही है। 21 दिसंबर को ये बैठक केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में होगी। मेहमान 19 दिसंबर से आना शुरू हो जाएंगे। इस बैठक में सभी राज्यों के वित्त मंत्री भी हिस्सा लेंगे। काउंसिल की बैठक को लेकर लगभग तैयारियां पूरी हो चुकी है। 250 से ज्यादा वीआईपी मेहमान इस बैठक में पहुंचेंगे। ये बैठक शहर के फाइव स्टार होटल मेरियट में होगी। ऐसे में मेहमानों के स्वागत के लिए खास तरह के जायके तैयार किए गए है। मेहमानों के लिए परोसे जाने वाले नाश्ते से लेकर डिनर तक में मिलेट्स यानी मोटे अनाज का खास ध्यान रखा गया है। इसलिए इसमें परोसे जाने वाली मिठाइयां भी बाजरे की होगी। यहां मेहमानों के लिए 80 तरह के जायके तैयार किए गए हैं। बाजरे से तैयार किए कतली-लड्डू, बिस्किट और केक में भी बाजरा के होटल मेरियट में खाने का पूरा मैन्यू तय हो चुका है। इसमें बाजरे और रागी पर खासतौर पर फोकस किया गया है। इसलिए यहां के शेफ जमाल ने काजू की कतली और जैसलमेर के प्रसिद्ध घोटमा लड्डू को भी मिलेट्स से तैयार किया है। काजू कतली में बाजरे का आटा मिलाकर स्पेशल मिठाई तैयार की है। वहीं लड्डू भी बेसन और बाजरे के साथ तैयार किया है। इसके अलावा गेस्ट के लिए बाजरा के बिस्किट और केक भी बनाए गए है। चाइनीज और इटालियन के साथ राजस्थानी फूड की डिमांड शेफ जमाल ने बताया कि इस इवेंट के लिए बताया गया था कि हमें चाइनीज और इटालियन फूड के साथ राजस्थानी फूड पर फोकस रखना है। इसलिए खाने के मैन्यू में देसी घी से बनी राब के साथ बाजरा की रोटी और सबसे महंगी कैर-सांगरी की सब्जी भी होगी। शेफ ने बताया- इन दो दिनों में नाश्ते से लेकर दोपहर के लंच और रात के डिनर के लिए कुल 80 तरह के जायके परोसे जाएंगे। नाश्ते में बाजरे की राब पिलाई जाएगी। वहीं बाजरा से बनी मिठाइयां डिनर में परोसेंगे। बैठक के लिए होटल के सभी 137 रूम बुक इस बैठक के लिए फाइव स्टार होटल के सभी 137 रूम बुक किए गए है। इन दो दिनों में यहां नॉर्मल बुकिंग बंद रहेगी। इसके साथ ही होटल को विशेष रोशनी से सजाया गया है। डाइनिंग एरिया की भी आर्टिफिशियल फूलों से स्पेशल सजावट की गई है। इसके अलावा प्रशासन ने भी अपने स्तर पर तैयारी पूरी कर ली है। शहर को साफ-सुथरा करने का काम किया जा रहा है। हर चौराहे को रंग-बिरंगे पर्दों और लाइट से सजाया गया है। इसके साथ ही पीले पत्थरों के डिवाइडर से भी शहर को गोल्डन सिटी जैसा दिखाने का विशेष प्रयास किया गया है। डिवाइडर पर भी विशेष तरह की लंबी लाइटिंग सितारों की तरह की गई है, जिससे शहर काफी चमक रहा है। बैठक में पेश किए जाएंगे सुझाव जैसलमेर में होने वाली जीएसटी परिषद की बैठक में कई वस्तुओं के टैक्स स्लैब में बदलाव होने की उम्मीद है। इस बैठक में निर्मला सीतारमण के साथ साथ सभी राज्यों के वित्त मंत्री समेत प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी शामिल होंगे। दरअसल, पहले यह बैठक नवंबर के पहले हफ्ते में होने वाली थी, जो दिसंबर में होने जा रही है। इस बैठक में राज्यों के वित्त मंत्री अगले वित्त वर्ष 2025-26 के बजट से जुड़े अपने सुझाव भी पेश करेंगे, जो कि 1 फरवरी, 2025 को संसद में प्रस्तुत किया जाएगा। बैठक में होंगे कई महत्वपूर्ण फैसले
जीएसटी परिषद की 21 दिसंबर को आयोजित होने वाली 55वीं बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले हो सकते हैं, जिनमें सबसे प्रमुख टर्म लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी के प्रीमियम पर जीएसटी से छूट का प्रस्ताव है। इस पर राज्यों के मंत्रियों की एक समिति अपनी रिपोर्ट पेश कर चुकी है। अक्टूबर, 2024 में हेल्थ और लाइफ इंश्योरेंस पर गठित मंत्रियों के समूह (जीओएम) ने टर्म लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी के प्रीमियम को जीएसटी से बाहर करने पर अपनी सहमति जताई थी। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों के हेल्थ इंश्योरेंस प्रीमियम पर भी जीएसटी से छूट देने का प्रस्ताव भी पारित हो सकता है। जीएसटी परिषद की इस बैठक में यह संभावना है कि 5 लाख रुपए तक के हेल्थ इंश्योरेंस प्रीमियम को जीएसटी से छूट दी जा सकती है। हालांकि, 5 लाख रुपए से अधिक कवर वाली पॉलिसी के प्रीमियम पर जीएसटी जारी रहेगा। इससे हेल्थ और लाइफ इंश्योरेंस के बाजार को प्रोत्साहन मिल सकता है, खासकर उन लोगों के लिए जिनके पास कम से कम स्वास्थ्य जीवन बीमा कवर है।


