भास्कर की ‘निगम के रैन बसेरे खाली, खुले आसमान के नीचे सो रहे लोग’ खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया। देर रात कोटा उत्तर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे। ठंड में ठिठुरते लोग को गाड़ी में बैठाकर रैन बसेरे में छोड़ा। बुधवार रात 9:30 बजे नगर निगम के सहायक अभियंता मोतीलाल चौधरी, कनिष्ठ अभियंता भरत मीणा सड़क किनारे सो रहे लोगों को रैन बसेरे में ले जाने के लिए पहुंचे। किशोर सागर तालाब सड़क किनारे फुटपाथ पर सो रहे लोगों से निगम के अधिकारियों ने समझाइश की। फिर अपनी गाड़ी में बैठा कर रैन बसेरे मे लेकर गए। नगर निगम सहायक अभियंता मोतीलाल चौधरी ने बताया कि प्रशासन का शुरू से ही यही प्रयास रहा है कि सर्दी में कोई भी व्यक्ति सड़क किनारे फुटपाथ पर ना सोए। इन लोगों के लिए निगम की तरफ से रैन बसेरे बनाए हुए हैं। आज हमारी टीम किशोर सागर तालाब के किनारे फुटपाथ पर सो रहे लोगों को समझाइए कर रही है। फुटपाथ पर ना सोए बल्कि रैन बसेरे में जा कर सोए। निगम द्वारा एमबीएस, जेके लोन, हिंदू धर्मशाला, कुन्हाड़ी, नयापुरा बस स्टैंड इलाकों में रैन बसेरे बनाए हुए हैं।जहां पर मजदूर बेसहारा लोग मुफ्त में जाकर सो सकते हैं। वहां पर सर्दी से बचने के लिए रजाई गद्दे रूम हिटर लगाए गए हैं। भास्कर ने दिखाए थे जमीनी हालात भास्कर ने मंगलवार की रात सड़क किनारे फुटपाथ पर सो रहे मजदूर, बेसहारा लोगों के जमीनी हालात की खबर दिखाई थी। लोग खुले आसमान में सर्दी में सोते हुए दिखाई दिए थे। इन लोगों के पास ओढ़ने बिछाने के पूरे बिस्तर भी नही थे। यह मजदूर लोग प्लास्टिक की तिरपाल ओढ़ कर सर्दी से बचने का जतन कर रहे थे।


