ग्वालियर में दोस्त की पत्नी का मर्डर करने वाला पकड़ाया:ढाई लाख रुपए में ली थी सुपारी, कार से रौंद कर हत्या को एक्सीडेंट बताया

ग्वालियर पुलिस को चार माह से चकमा दे रहे हत्या के आरोपी को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी पर दस हजार रुपए का इनाम घोषित था। आरोपी ने ढाई लाख रुपए में अपने ही दोस्त की पत्नी को कार से रौंद कर हत्या करने और उसे सड़क हादसा दिखाने की सुपारी ली थी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मृतका के पति को तत्काल गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन सुपारी लेकर हत्या करने वाला फरार था। बुधवार को हत्या का आरोपी ग्वालियर आया था। पुलिस को उसके आने की पहले ही खबर लग गई थी,। जैसे ही आरोपी बस से उतरा पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। झांसी रोड थाना प्रभारी मंगल सिंह पपोला ने बताया कि सूचना मिली थी कि हत्या के मामले में फरार गोलू उर्फ अभिषेक पुत्र प्रमोद शर्मा, निवासी बागचीनी मुरैना, ग्वालियर आने वाला है। वह बस के जरिए ग्वालियर आ रहा है। सूचना पर पुलिस टीम बस स्टैंड पहुंची और आरोपी का इंतजार करने लगी। करीब एक घंटे बाद आरोपी बस स्टैंड पहुंचा तो पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है।
एक्टिवा सवार भाई-बहन को मारी थी टक्कर
ग्वालियर में 13 अगस्त 2024 की रात झांसी रोड थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि गार्डन सिटी के सामने एक एक्टिवा सवार बहन-भाई को एक लोडिंग ने टक्कर मारी है। जिसमें महिला दुर्गावती की मौत हो गई है और उसका भाई संजेश गंभीर रूप से घायल हुआ था। इसका पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की तो पता चला कि हादसे के समय मृतका का पति अजय भारद्वाज भी साथ में था और अपने दोस्त के साथ दूसरी बाइक पर था। वह जौरासी मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे। मृतका से पीछा छुड़ाना चाहता था आरोपी अजय
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मृतका दुर्गावती बागचीनी निवासी अजय भारद्वाज की पत्नी थी और वह पति के साथ साकेत नगर में रहती थी। पता चला कि अजय की एक पत्नी और है, जो मुरैना में रहती है। यहां से पुलिस को शंका हुई। पूछताछ में अजय ने गोल-मोल जवाब दिए। इसके बाद पुलिस ने दोबारा से जांच की तो पता चला कि घटना स्थल से कुछ आगे एक कार का भी एक्सीडेंट हुआ था। इसके बाद पुलिस को कुछ अहम सबूत मिले और उनकी जांच की तो पति की भूमिका संदिग्ध नजर आई। पुलिस पड़ताल में पता चला कि दुर्गावती से उसकी मुलाकात वर्ष 2017 में हुई थी और उसके बाद से वह रिलेशनशिप में थे। वर्ष 2021 में दुर्गावती की शादी एक अन्य युवक से हुई। जिसका कुछ ही समय में तलाक हो गया था। उसके बाद से वह फिर से अजय के साथ रिलेशनशिप में थी। इसी बीच वर्ष 2023 में अजय का विवाह एक अन्य युवती से हुआ जो मुरैना में रहती है। दुर्गावती ने दबाव बनाया तो पहले मंदिर में और फिर अजय ने कोर्ट मैरिज की थी। उसके बाद से वह जॉब ना होने के चलते परेशान चल रहा था। दुर्गावती को रास्ते से हटाने के लिए योजना के तहत उसे लेकर जौरासी मंदिर आया और दोस्तों की मदद से उसका एक्सीडेंट कराया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *