इंदौर एयरपोर्ट होगा देश का पहला जीरो वेस्ट एयरपोर्ट:कचरे से कमाई होगी, गीले कचरे से यहीं बनेगी खाद, दो दिन बाद केंद्रीय मंत्री करेंगे उद्घाटन

देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर का एयरपोर्ट भी अब जीरो वेस्ट एयरपोर्ट बनने जा रहा है। 22 दिसंबर को केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू रिसायकल प्लांट का लोकार्पण करेंगे। इंदौर एयरपोर्ट को जीरो वेस्ट बनाने की मूल अवधारणा फोर आर (4R) यानी रिड्यूस, रीयूज़, रिसायकल और री स्टोर है। पहले इंदौर एयरपोर्ट को कचरे का निस्तारण करने के लिए नगर निगम को शुल्क चुकाना पड़ता था, लेकिन इस प्लांट के बनने के बाद आने वाले दिनों में एयरपोर्ट इससे कमाई भी करेगा। एयरपोर्ट पर एयरलाइंस, दुकानों एवं गार्डन से निकलने वाले गीले एवं सूखे कचरे के निस्तारण की व्यवस्था की गई है। इसमें गीले कचरे से कंपोस्ट खाद बनाया जाएगा, वहीं सूखे कचरे को अलग कर लिया जाएगा। बल्क वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स के हिसाब से 3 हजार स्क्वायर फीट की मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी बनाई गई है। इस पूरे प्रोजेक्ट को मूर्त रूप देने में इंडिगो एयरलाइंस सीएसआर फंड से मदद की है। साथ ही एयरपोर्ट ऑथोरिटी, संस्था आस एवं इंदौर नगर निगम की प्रमुख भूमिका रही है। सांसद शंकर लालवानी ने बताया- इंदौर देश का सबसे स्वच्छ शहर है। इसी तरह इंदौर एयरपोर्ट को जीरो वेस्ट एयरपोर्ट बनाने का लक्ष्य रखा था। यहां के सफाई मित्रों, कर्मचारियों एवं अधिकारियों की मेहनत से अब यह भारत का पहला जीरो वेस्ट एयरपोर्ट बन चुका है, जिसका लोकार्पण केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *