मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 20 दिसंबर को इंदौर आएंगे। वे शहर में अलग-अलग आयोजनों में भाग लेंगे। मुख्यमंत्री जीएसीसी में आयोजित कार्यक्रम में शहर विकास से जुड़े एक हजार करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शुभारंभ और लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, सभी विधायक, संगठनात्मक पदाधिकारी और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को दोपहर तीन बजे इंदौर पहुंचेंगे और शहर के विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वे लगभग एक हजार करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात शहरवासियों को देंगे। महापौर ने बताया कि इस दौरान मुख्यमंत्री का प्रमुख कार्यक्रम जीएसीसी ग्राउंड में आयोजित होगा, जिसमें वे नगर निगम सहित विभिन्न एजेंसियों के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। इनमें शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सड़कों, सीवरेज, वॉटर पाइपलाइन के कार्यों के साथ कम्युनिटी हॉल, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, विभिन्न क्षेत्रों को जोड़ने वाले छोटे पुल-पुलिया, पीपीपी मॉडल से बनने वाले ग्रीन वेस्ट प्लांट, सौंदर्यीकरण और नगर निगम द्वारा दस्तावेजों के डिजिटलीकरण की शुरुआत भी शामिल होगी। मुख्यमंत्री बीसीसी, होटल मेरियट, और गांधी हॉल में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में भी शिरकत करेंगे। इसके अलावा वे खजराना गणेश मंदिर में बनाए गए नए सभागृह के लोकार्पण कार्यक्रम में भी उपस्थित रहेंगे। इंदौर के बाद वे आगर-मालवा जाएंगे और फिर लौटकर शहर के अन्य आयोजनों में भाग लेंगे। आंबेडकर विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे इसी दिन मुख्यमंत्री, राज्यपाल मंगूभाई पटेल के साथ महू में डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के छठे दीक्षांत समारोह में भी शामिल होंगे। कुलपति डॉ. रामदास अत्राम ने बताया कि इस अवसर पर पीएचडी प्राप्त करने वाले 16 छात्र-छात्राओं को डिग्री प्रदान की जाएगी।


