जामताड़ा जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र में 5 साल की बच्ची की हत्या के मामले में ग्रामीणों ने गुरुवार को थाने का घेराव किया। दो माह पूर्व पिपला गांव की मति मुर्मू नामक बच्ची का शव गांव के तालाब से बरामद हुआ था। पुलिस ने बच्ची के पिता की शिकायत पर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी में लापरवाही बरत रही है। प्रदर्शनकारियों ने थाना के बाहर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। एसपी कार्यालय का घेराव करने की चेतावनी जन सेवा पार्टी के संयोजक राकेश लाल ने कहा कि वे पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने एसपी से एसआईटी गठन कर जांच की मांग की है। एक सप्ताह में कार्रवाई नहीं होने पर एसपी कार्यालय का घेराव करने की चेतावनी दी है। थाना प्रभारी विवेकानंद दूबे ने बताया कि ज्ञापन एसपी को भेज दिया गया है। दिशा-निर्देश मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रदर्शन के दौरान थाना में भारी पुलिस टीम तैनात थी। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए थाना का मुख्य द्वार बंद कर दिया गया।


