पाकुड़ जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक बुजुर्ग महिला से चेन स्नैचिंग की वारदात सामने आई है। घटना नामोपाड़ा कृष्ण मंदिर के पास की है। 70 वर्षीय ब्यूटी इंदी अपने घर के बाहर बैठी थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे। चेन छीनने के दौरान महिला गिर पड़ी एक युवक बाइक पर बैठा रहा, जबकि दूसरा महिला के पास गया। उसने गहना साफ करने का पाउडर बेचने का बहाना बनाया। महिला को बातों में उलझाकर उसने गले से सोने की चेन छीन ली। इस दौरान महिला गिर पड़ी और उनके गले में चोट भी आई। जामताड़ा से आई थी अपने मायके घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़िता जामताड़ा जिले के खागा की रहने वाली हैं और अपने मायके आई थीं। थाना प्रभारी रंजन कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस आरोपियों की पहचान कर रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना की सूचना मिलते ही एएसआई किशोर टुडू मौके पर पहुंचे। इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने कहा कि दिनदहाड़े बुजुर्ग महिला से इस तरह की घटना दुखद है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है।


