छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में कलेक्टर कार्यालय के पास खाली प्लॉट में अचानक आग लग गई। आग से उठते घने धुएं के कारण जिला पंचायत कार्यालय में मौजूद अधिकारी और कर्मचारी परेशान हो गए। देखते ही देखते आग करीब डेढ़ एकड़ क्षेत्र में फैल गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन जब स्थिति बेकाबू होने लगी तो दमकल विभाग को सूचना दी गई। दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। प्रशासन को आशंका है कि यह आग भू-माफियाओं द्वारा अवैध प्लॉटिंग के उद्देश्य से लगवाई गई हो सकती है। माना जा रहा है कि झाड़ियों में आग लगाकर प्लॉट को साफ करने की कोशिश की गई। इस घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आग के डर से पंचायत कार्यालय के कर्मचारी बाहर निकले आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में उसने जिला पंचायत कार्यालय के पीछे तक अपना दायरा बढ़ा लिया। गर्मी के कारण आग की लपटें और धुआं कार्यालय तक पहुंच गया, जिससे कर्मचारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। आग के डर से सभी कर्मचारी बाहर निकल आए। आखिरकार, दमकल की टीम ने आग पर काबू पा लिया, जिसके बाद कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। प्रशासन अब इस घटना की तह तक जाने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई करने की तैयारी कर रहा है।


