रांची| रांची विश्वविद्यालय अंतर कॉलेज क्रिकेट प्रतियोगिता में बुधवार को मारवाड़ी कॉलेज ने योगदा कॉलेज को 5 विकेट से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं जेएन कॉलेज को बिरसा कॉलेज खूंटी के खिलाफ वॉकओवर मिला। बीएस कॉलेज लोहरदगा में मारवाड़ी कॉलेज और योगदा कॉलेज के बीच मुकाबला खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए योगदा कॉलेज ने 10 विकेट खोकर 140 रन बनाए। टीम की ओर से आशीष ने 52 रन की पारी खेली। मारवाड़ी कॉलेज के रोशन ने 3 विकेट लिए। वहीं मारवाड़ी कॉलेज की टीम ने 19.3 ओवर में 5 विकेट खोकर 141 रन बनाकर मैच जीत लिया। टीम की ओर से सर्वेश सिंह ने 50 रनों की आकर्षक पारी खेली।


