प्रदेश में शीतलहर का दौर लगातार जारी है। सीकर के पलसाना व फतेहपुर में आज सुबह हल्के कोहरे के साथ धुंध भी छाई रही। वहीं ज्यादातर इलाकों में आज मौसम साफ है और ड्राई ठंड का कहर जारी है। सीकर के कृषि अनुसंधान केंद्र फतेहपुर पर आज सुबह का न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जबकि इससे पहले बुधवार को यहां न्यूनतम तापमान -0.5 डिग्री और अधिकतम तापमान 23.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। बुधवार को यहां पारा जमाव बिंदु से नीचे था। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 1.5 और अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। फतेहपुर में आज सुबह वाहनों पर हल्की बर्फ जमी हुई दिखाई दी। जिले भर में सुबह तेज ठंड के बाद लोगों को दोपहर में तेज धूप के बीच सर्दी का एहसास भी हो रहा है। बुधवार को भी सीकर में तेज धूप छाई रही जिससे लोगों को ठंड से राहत मिली। कोहरे के कारण आज सुबह विजिबिलिटी 100 से 200 मी तक रही। सर्दी से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश में 21 दिसंबर तक शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। अगले तीन-चार दिन तक तापमान जमाव बिंदु से नीचे रहने की संभावना है। वहीं उत्तरी हवाओं के चलने से घना कोरा भी छा सकता है। वहीं किसानों के अनुसार कोहरा फसलों के लिए बहुत फायदेमंद है और अमृत समान है। कोहरे व धुंध के पानी से सरसों की फसल के पत्तों को भी भरपूर पानी मिलता है।


